चंडीगढ़ न्यायालय में गोलीबारी, पंजाब पुलिस के पूर्व AIG ने की IRS दामाद की हत्या
क्या है खबर?
चंडीगढ़ के जिला न्यायालय में गोलीबारी की वारदात सामने आई है।
इसमें पंजाब पुलिस के पूर्व सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) मलविंदर एस सिद्धू ने तलाक के विवाद के चलते अपने भारतीय राजस्व सेवा (IRS) अधिकारी दामाद हरप्रीत सिंह की कई गोलियां मारकर मारकर हत्या कर दी।
इस घटना के बाद से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पुलिस अधिकारी को को हिरासत में ले लिया है।
वारदात
कोर्ट में कैसे हुई वारदात?
चंडीगढ़ की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कंवरदीप कौर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच तलाक का विवाद था। इसको लेकर दोनों पक्ष शनिवार को समझाइश के लिए कोर्ट की ओर से नियुक्त वकील धीरज ठाकुर के पास गए थे। उस दौरान सिद्धू ने वॉशरूम जाने की बात कही। इस पर हरप्रीत उन्हें वॉशरूम का रास्ता बताने के लिए बाहर आ गया।
ASP ने बताया कि दोनों के बाहर आते ही सिद्धू ने हरप्रीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी।
मौत
हरप्रीत ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
वारदात के बाद वकीलों ने तुरंत घायल हरप्रीत को उठाया और बाहर लेकर आए। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सेक्टर 16 के अस्पताल पहुंचाया गया।
हालांकि, हरप्रीत ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। अस्पताल में चिकित्सकों ने हरप्रीत को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अब आरोपी ससुर से पूछताछ कर वारदात के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसके अलावा मौके से उसके खिलाफ सबूत भी जुटाए जा रहे हैं।
बयान
वकीलों ने आरोपी सिद्धू को पकड़कर कमरे में बंद किया- ASP
ASP ने बताया कि गोलियों की आवाज सुनकर वकील मौके पर जमा हो गए। सिद्धू ने हरप्रीत पर 4 गोलियां चलाई थी, जिसमें से 2 उसे लग गई।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद वकीलों ने सिद्धू को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से पिस्तौल और 3 बिना काम ली हुई गोलियां भी बरामद की है।
जानकारी
पहले भी विवादों में रहे हैं सिद्धू
पूर्व AIG सिद्धू पहले भी विवादों में रह चुके हैं। पिछले साल वे भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार हुए थे। गिरफ्तारी के दौरान उन्होंने पुलिस के साथ हाथापाई तक कर दी थी। उस दौरान भी उन्होंने अपने दामाद पर गंभीर आरोप लगाए थे।