Loading...
दिवाली की रात दिल्ली के PM2.5 स्तर में 71 प्रतिशत रहा पटाखों का योगदान
दिवाली की रात दिल्ली के PM2.5 स्तर में 71 प्रतिशत रहा पटाखों का योगदान

दिवाली की रात दिल्ली के PM2.5 स्तर में 71 प्रतिशत रहा पटाखों का योगदान

Nov 11, 2026
11:18 am

क्या है खबर?

दिवाली के बाद दिल्ली में वायु प्रदूषण के असली कारणों पर भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) पुणे ने विस्तृत रिपोर्ट जारी की है। इसमें बताया गया है कि दिवाली की रात पटाखों के अत्यधिक इस्तेमाल ने दिल्ली में प्रदूषण को चरम पर पहुंचा दिया। 7 नवंबर इन्हीं घंटों में हवा में पटाखों की हिस्सेदारी 5.6 प्रतिशत थी और दिवाली की पूर्व संध्या पर यह 43.4 प्रतिशत थी, जो दिवाली की रात बढ़कर 71.1 प्रतिशत पर पहुंच गई।

स्तर

विभिन्न प्रदूषण केंद्रों पर दर्ज हुआ जानलेवा स्तर

IITM के वैज्ञानिक आंकड़ों की पुष्टि दिल्ली के वास्तविक प्रदूषण निगरानी केंद्रों के डाटा से भी होती है।

9 नवंबर की तड़के 3 बजे दिल्ली के कई इलाकों में सूक्ष्म कणों (PM2.5) का स्तर बेहद खतरनाक स्तर तक बढ़ गया था।

जहांगीरपुरी में यह रिकॉर्ड 4,985 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था।

इसी तरह नेहरू नगर में इसका स्तर 2,808 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। इसे बेहद ही खतरनाक स्थिति करार दिया गया है।

समीकरण

दिवाली की रात अचानक बदला हवा का समीकरण

रिपोर्ट के मुताबिक, दिवाली से पहले दिल्ली की हवा में वाहनों का धुआं, बायोमास (कचरा और पराली) जलना, धूल और सेकेंडरी एरोसोल मुख्य कारक थे, लेकिन सोमवार सुबह तक पूरा गणित बदल गया।

पटाखे हवा को दूषित करने वाले सबसे प्रमुख कारक बन गए, जबकि वाहनों का हिस्सा घटकर 6.9 प्रतिशत और कचरा जलने का हिस्सा घटकर महज 1.1 प्रतिशत रह गया।

मंगलवार सुबह भी दिल्ली में पटाखों के अवशेषों का असर 29.8 प्रतिशत के साथ सबसे ज्यादा रहा।

ADVERTISEMENT

बयान

परियोजना निदेशक डॉ सचिन घुड़े ने क्या दिया बयान?

मेट्रो वायु गुणवत्ता और मौसम सेवा (MAQWS) के परियोजना निदेशक डॉ सचिन घुड़े ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "यह देश के इतिहास में पहली बार है जब पटाखों से होने वाले उत्सर्जन को किसी आधिकारिक प्रदूषण के स्रोतों के विश्लेषण अनुमान में विशेष और वैज्ञानिक रूप से शामिल किया गया है। हवा में पटाखों से जुड़े एरोसोल का सीधे रीयल-टाइम मापन बड़ी चुनौती होती है, इसलिए इसके प्रभावों का आकलन वैज्ञानिक पद्धतियों द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से तैयार किया गया है।"

ADVERTISEMENT

प्रयास

कैसे संभव हुआ यह मापन?

डॉ घुड़े आगे बताया कि हाल ही में IITM दिल्ली शाखा में शुरू की गई उन्नत वायुमंडलीय रसायन विज्ञान और एरोसोल विषाक्तता विश्लेषण प्रयोगशाला (AATAL) के आधुनिक उपकरणों के कारण यह विश्लेषण संभव हो सका है, जो हवा में मौजूद धातुओं और जहरीले तत्वों की सटीक पहचान कर वायु गुणवत्ता का पूर्वानुमान लगाने में सक्षम है।

शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि पटाखों का धुआं बेहद जटिल होता है, जो मौसम, हवा की गति और तापमान पर निर्भर करता है।

ADVERTISEMENT