शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे पर भूमि अधिग्रहण: किसानों का बड़ा आंदोलन, सांगली-कोल्हापुर में जबरदस्त विरोध
महाराष्ट्र में किसान प्रस्तावित शक्तिपीठ एक्सप्रेसवे के खिलाफ अपने विरोध प्रदर्शनों को और तेज कर रहे हैं। खासकर सांगली और कोल्हापुर जिलों में उनका गुस्सा साफ दिख रहा है। कई जगहों पर हुई झड़पों के दौरान सर्वे के उपकरण तोड़ दिए गए, जिससे तनाव काफी बढ़ गया है। मंगलवार को स्वाभिमानी शेतकारी संगठन के अध्यक्ष राजू शेट्टी ने महुली गांव में आठ घंटे का बड़ा धरना दिया। इस दौरान उन्होंने परियोजना के लिए जमीन लेने का जमकर विरोध किया।
किसानों ने दी चेतावनी: एक्सप्रेसवे से कोल्हापुर की खेती पर संकट
स्थानीय किसानों का कहना है कि यह एक्सप्रेसवे उन खेतों के लिए खतरा है, जो पीढ़ियों से उनके परिवारों का सहारा रहे हैं। कोल्हापुर के भुदरगढ़ तालुका में तो विरोध प्रदर्शनों के दौरान एक सर्वे ट्राइपॉड को आग तक लगा दी गई। शरद पवान के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कॉग्रेस पार्टी (NCP-SP) सांसद सुप्रिया सुले ने किसानों का समर्थन किया है। उन्होंने साफ कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स बनाते समय राज्य की आर्थिक स्थिति और स्थानीय लोगों की आजीविका दोनों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। सुप्रिया सुले ने कहा, "NCP विकास के खिलाफ नहीं है। हम विकास के विरोध में नहीं हैं, लेकिन विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय राज्य की मौजूदा वित्तीय स्थिति को भी ध्यान में रखना चाहिए।"