सूरजकुंड मेला हादसा: पुलिस पदक से सम्मानित थे इंस्पेक्टर जगदीश, अगले महीने सेवानिवृत्त होने वाले थे
क्या है खबर?
हरियाणा के फरीदाबाद के प्रसिद्ध सूरजकुंड मेले में झूला टूटने से पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई है और करीब 12 लोग घायल हुए हैं। अब हरियाणा सरकार ने मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया है। वहीं, मेला ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश को शहीद का दर्जा दिया गया है। उनके निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। साथियों ने बताया कि वे लगनशील और बहादुर पुलिसकर्मी के तौर पर जाने जाते थे।
परिचय
कौन थे इंस्पेक्टर जगदीश?
जगदीश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले थे। उनका जन्म 5 मार्च, 1968 को हुआ था। उनके परिवार में पत्नी, 2 बेटियां और एक बेटा है। सभी बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। जगदीश के एक भाई प्रदीप शिक्षक हैं और अपने माता-पिता के साथ पैतृक गांव में ही रहते हैं। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, जगदीश के दूसरे भाई सतीश चंद्र बल्लभगढ़ में एक कारखाने, जबकि दूसरे भाई चंद्रभान सिंह मोटर कंपनी में काम करते हैं।
ट्विटर पोस्ट
देखें हादसे का वीडियो
A policeman was killed and 13 others injured as a swing collapsed at the Surajkund Fair in Haryana's Faridabad. pic.twitter.com/0GUMRjJyhE
— Mohammed Zubair (@zoo_bear) February 7, 2026
पदक
पुलिस पदक से सम्मानित थे जगदीश, मार्च में था रिटायरमेंट
जगदीश 1989 में हरियाणा पुलिस में शामिल हुए थे। अपने साथियों के बीच वे लगन, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना के लिए जाने जाते थे। पुलिस सेवा में 36 साल पूरे करने के बाद अगले महीने यानी मार्च में वे सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही ये हादसा हो गया। PTI के अनुसार, जगदीश को 2019-20 में हरियाणा के राज्यपाल द्वारा पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।
ऐलान
DGP बोले- जगदीश का निधन अपूरणीय क्षति
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने बताया कि जगदीश के परिवार को 1 करोड़ रुपये और विभाग द्वारा दिए जाने वाले अन्य फायदे दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस शोक संतप्त परिवार को हर संभव मदद देगी। उन्होंने कहा, "जगदीश का योगदान और समर्पण हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनकी मौत विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी तत्परता और बहादुरी ने कई लोगों की जान बचाई, जो पुलिस सेवा की सर्वोच्च परंपराओं की मिसाल है।"
हादसा
कब और कैसे हुआ हादसा?
सूरजकुंड मेले में बीती शाम करीब 6 बजे 'सूनामी' झूला टूटकर गिर गया था। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और झूले में बैठे करीब 20 लोग दब गए। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने तुरंत लोगों को निकालना शुरू किया। हालांकि, इसी बीच झूले का दूसरा हिस्सा भी गिर गया, जिसमें इंस्पेक्टर जगदीश समेत कुछ और लोगों को चोट लगी। हादसे के बाद पुलिस ने मेला परिसर को खाली करा लिया है।