कर्नाटक में पाकिस्तानी मां-बेटे ने छिपाई राष्ट्रीयता, अब सलाखों के पीछे
कर्नाटक के चिकबल्लापुर जिले में एक पाकिस्तानी महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी राष्ट्रीयता छिपाकर राशन कार्ड और वोटर ID जैसे कागजात बनवा लिए थे। फराह नाज नाम की इस महिला ने भारतीय नागरिक मोहम्मद अयूब खान से शादी की थी और उसके बाद वह उनके साथ बागेपल्ली में आकर रहने लगी।
कागजों की जांच में राष्ट्रीयता का पता चला
फराह नाज और मोहम्मद अयूब खान ने संयुक्त अरब अमीरात में शादी की थी, जिसके बाद वे अपने 4 बच्चों के साथ भारत में बस गए। उनके 4 बच्चों में से 3 तो भारतीय नागरिक हैं, लेकिन फराह नाज और उनके बेटे फरदीन दोनों ही पाकिस्तानी नागरिक हैं। जब प्रशासन ने उनके कागजों की जांच की, तो उन्हें कुछ गड़बड़ी दिखी और फिर उनकी असलियत सबके सामने आ गई।
कागजात रद्द, मामला दर्ज
जब अधिकारियों ने उनकी राष्ट्रीयता की पुष्टि कर दी, तो उन्होंने उनके सभी कागजात रद्द कर दिए। अब फराह नाज और फरदीन पर फॉरेनर्स एक्ट और दूसरे कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि दोनों फिलहाल हिरासत में हैं और मामले की जांच अभी चल रही है।