जम्मू-कश्मीर में 1 सितंबर से 6 प्रतिशत महंगी होगी बिजली, मुफ्त यूनिट का वादा टूटा
जम्मू-कश्मीर में बिजली के बिल 1 सितंबर से 6.83 प्रतिशत बढ़ जाएंगे। बिजली की नई दरें कुछ इस तरह होंगी: 200 यूनिट तक बिजली खर्च करने पर आपको 2.45 रुपये प्रति यूनिट चुकाने होंगे।
वहीं, 201 से 400 यूनिट के लिए 4.20 रुपये प्रति यूनिट लगेंगे। अगर आपका इस्तेमाल 400 यूनिट से ज्यादा हुआ तो हर यूनिट के लिए 4.60 रुपये देने होंगे।
सिर्फ AAY कार्डधारकों के लिए 200 यूनिट
इस फैसले के बाद, नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) सरकार को लोगों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, सरकार ने पहले हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था।
हालांकि, बाद में इसे सिर्फ अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के कार्डधारकों के लिए ही लागू किया गया। पार्टी के ही एक नेता, आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने इस पर सवाल उठाया है कि सरकार अपने वादे से क्यों मुकर गई। दूसरी ओर, विपक्षी दलों ने बिजली दरों में इस बढ़ोतरी को उन परिवारों के लिए 'झटका' बताया है, जो पहले ही राहत की आस लगाए बैठे थे।