LOADING...
चुनाव आयोग डीपफेक कंटेंट को लेकर सोशल मीडिया कंपनियों के साथ करेगा बैठक
चुनाव आयोग सोशल मीडिया कंपनियों के साथ करेगा बैठक

चुनाव आयोग डीपफेक कंटेंट को लेकर सोशल मीडिया कंपनियों के साथ करेगा बैठक

Mar 05, 2026
03:57 pm

क्या है खबर?

भारत में आने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए चुनाव आयोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ अहम चर्चा करने जा रहा है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, आयोग 11 मार्च को नई दिल्ली स्थित निर्वाचन सदन में बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेगा। इस बैठक का मकसद चुनाव के दौरान सोशल मीडिया के सही और जिम्मेदार इस्तेमाल को लेकर चर्चा करना और गलत जानकारी तथा डीपफेक जैसी समस्याओं से निपटने के उपाय तलाशना है।

चुनौती

डीपफेक और गलत जानकारी बड़ी चुनौती

हाल के वर्षों में चुनावों के दौरान सोशल मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ा है। इसके साथ ही डीपफेक वीडियो, नकली ऑडियो और गलत जानकारी फैलाने की घटनाएं भी बढ़ी हैं। कई मामलों में ऐसे कंटेंट से भ्रम की स्थिति पैदा हो जाती है और लोगों को गलत संदेश मिलता है। विशेषज्ञों का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स के बढ़ते इस्तेमाल के कारण चुनावी माहौल में फर्जी सामग्री फैलने का खतरा और बढ़ गया है।

चर्चा

सोशल मीडिया कंपनियों से क्या होगी चर्चा?

बैठक में इस बात पर चर्चा हो सकती है कि सोशल मीडिया कंपनियां अपने कंटेंट मॉनिटरिंग सिस्टम को कैसे मजबूत बना सकती हैं। इसके साथ ही, चुनाव से जुड़ी शिकायतों पर जल्दी कार्रवाई करने और चुनाव अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाने के तरीकों पर भी बात हो सकती है। चुनाव आयोग चाहता है कि चुनाव के दौरान प्लेटफॉर्म्स जिम्मेदारी से काम करें और गलत जानकारी को फैलने से रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Advertisement

तैयारी

चुनावी राज्यों को लेकर तैयारी

आने वाले महीनों में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग पहले से तैयारी कर रहा है। इससे पहले आयोग राजनीतिक दलों को सलाह दे चुका है कि वे डीपफेक या भ्रामक कंटेंट का इस्तेमाल न करें। अगर ऐसा कंटेंट सामने आता है तो उसे जल्द हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।

Advertisement