LOADING...
CBSE के आला अधिकारियों की नौकरी खतरे में, सरकार ने OSM टेंडर पर मांगी जानकारी- रिपोर्ट
CBSE में सामने आ रहीं अनियमितताओं को लेकर शिक्षा मंत्रालय सक्रिय हो गया है

CBSE के आला अधिकारियों की नौकरी खतरे में, सरकार ने OSM टेंडर पर मांगी जानकारी- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Jun 02, 2026
10:59 am

क्या है खबर?

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। छात्रों की उत्तर पुस्तिका बदलने के बाद अब ऑनस्क्रीन मार्किंग (OSM) को लेकर भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। अब इस मामले पर शिक्षा मंत्रालय सक्रिय हो गया है। मंत्रालय ने OSM के लिए कोएम्प्ट एडुटेक को दिए गए टेंडर की भी रिपोर्ट मांगी है। कहा जा रहा है कि CBSE में बड़े अधिकारियों की बर्खास्तगी हो सकती है।

रिपोर्ट

मंत्रालय ने CBSE से टेंडर से जुड़ी रिपोर्ट मांगी- रिपोर्ट

न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय ने मूल्यांकन प्रक्रिया में हुई कमियों की आंतरिक जांच शुरू कर दी है और OSM के लिए कोएम्प्ट एडुटेक को दिए गए टेंडर की भी जांच कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि टेंडर से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है और निविदा प्रक्रिया से संबंधित दस्तावेज भी समीक्षा के लिए बुलवाए गए हैं। वहीं, शिक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति भी OSM प्रणाली की समीक्षा करने की तैयारी कर रही है।

अधिकारी

कुछ अधिकारियों की जा सकती है नौकरी

रिपोर्ट में कहा गया है कि मंत्रालय जांच में डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली में मौजूद कमियों और छात्रों-साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों द्वारा उजागर की गई कमजोरियों की पड़ताल करेगा। मंत्रालय के सूत्रों ने संकेत दिया कि टेंडर को लेकर CBSE ने अब तक संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। इसके चलते बोर्ड के भीतर कई स्तरों पर जवाबदेही तय होने की संभावना है। माना जा रहा है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हो सकती है।

Advertisement

OSM

OSM टेंडर को लेकर क्या है विवाद?

CBSE ने इस साल 12वीं बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ऑनलाइन किया था। इसके लिए उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन किया गया, जिसका ठेका कोएम्प्ट एडुटेक नामक एक कंपनी को मिला है। कई छात्रों ने आरोप लगाए हैं कि कॉपियां धुंधली स्कैन की गई, कुछ पेज छोड़ दिए गए और यहां तक स्कैन मोबाइल से की गई। कथित तौर पर कोएम्प्ट एडुटेक को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर में भी छेड़छाड़ के आरोप हैं।

Advertisement

तलब

संसद समिति ने CBSE प्रमुख और शिक्षा सचिव को तलब किया

दूसरी ओर, संसद की स्थायी समिति ने शिक्षा अधिकारियों, भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (CERT-In) और छात्र प्रतिनिधियों को OSM से संबंधित शिकायतों की जांच के लिए तलब किया है। समिति ने विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार और CBSE के अध्यक्ष राहुल सिंह को पेश होने को कहा है। इस समिति की अध्यक्षता कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह कर रहे हैं। आज यानी 2 जून को समिति ने ये बैठक बुलाई है।

इस्तीफा

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग तेज

NEET पेपर लीक के बाद CBSE में सामने आ रही कई गड़बड़ियों के चलते शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके भी 6 जून को अमेरिका से भारत आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।

Advertisement