ISIS भर्ती के लिए मनी लॉन्ड्रिंग, ED ने बेंगलुरु में 8 ठिकाने खंगाले
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ISIS भर्ती से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में बेंगलुरु के 8 ठिकानों पर छापेमारी की है। ED ने यह कार्रवाई राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की जांच के बाद की है। NIA उन 'इकरा वेलफेयर ट्रस्ट' और 'गाइडेंस फॉर मैनकाइंड' जैसे संगठनों की गतिविधियों पर नजर रख रही है, जिन पर स्थानीय युवाओं को ISIS में शामिल करने का शक है।
ISIS भर्ती के लिए पैसा जुटाने वाले 5 संदिग्ध
जांच एजेंसियों का कहना है कि 5 आरोपियों ने 'इकरा कैंप' और 'कुरान सर्कल' जैसे स्टडी ग्रुप का इस्तेमाल करके युवाओं को कट्टरपंथी बनाया। इन लोगों ने इकरा वेलफेयर ट्रस्ट और अपनी निजी जमापूंजी से रकम इकट्ठा की। इस रकम का उपयोग उन युवाओं को चुपके से सीरिया भेजने के लिए किया जाता था, जो तुर्की के रास्ते जाते थे। यह ग्रुप CAA/NRC विरोध प्रदर्शनों के दौरान ISIS का प्रचार भी करता था। इसके अलावा, ये आरोपी आपस में बात करने के लिए सुरक्षित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सहारा लेते थे। NIA ने इस मामले में अब तक पांच संदिग्धों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।