पश्चिम बंगाल: शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी के घर ED का छापा
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल के शिक्षक भर्ती घोटाले में पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फिर उनके आवास पर छापा मारा है। बताया जा रहा है कि घोटाले में जमानत मिलने के बाद ED ने चटर्जी को कई बार समन भेजा था, लेकिन वे कथित तौर पर पेश नहीं हुए। इसके बाद ED ने ये छापेमार कार्रवाई की है।
छापा
घोटाले में शामिल कथित बिचौलिए के आवास पर भी छापा
आज सुबह ED की जांच टीम चटर्जी के नकटाला स्थित घर पहुंची। उनके साथ बड़ी संख्या में केंद्रीय एजेंसियों का सुरक्षाबल भी था। कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि ED पार्थ से पूछताछ करना चाहती थी और पार्थ ने उन्हें खुद घर आने को कहा था। वहीं, ED की एक टीम प्रसन्ना रॉय के न्यू टाउन स्थित कार्यालय भी पहुंची है। प्रसन्ना भर्ती मामले में आरोपी 'बिचौलियों' में से एक है।
घोटाला
क्या है कथित घोटाला?
पश्चिम बंगाल सरकार ने 2016 में सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए 25,000 से अधिक शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों की भर्ती की थी। इन भर्तियों में अनियमितता, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के आरोप लगे थे और इसकी शिकायतें कलकत्ता हाई कोर्ट को मिली थी। इसके बाद हाई कोर्ट ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को जांच के आदेश दिए। CBI ने राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री चटर्जी, उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी और कुछ अन्य अधिकारियों को गिरफ्तार किया था।