उत्तर प्रदेश: अतीक अहमद के बेटे ने जेल छूटते ही किया हंगामा, टोल प्लाजा पर तोड़े बैरियर
गैंगस्टर से राजनेता बने अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, 8 अगस्त को उन्हें अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लखनऊ जेल से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उनके काफिले पर 2 टोल प्लाजा के बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों को धमकाने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि काफिले में शामिल गाड़ियां बिना टोल चुकाए निकलीं और बहुत लापरवाही से चलाई जा रही थीं, जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों की जान को खतरा पैदा हो गया। यह घटना प्रयागराज के नवाबगंज टोल प्लाजा और प्रतापगढ़ के कोटिला अख्तियारी टोल प्लाजा पर हुई।
नवाबगंज और कोटिला घटनाओं के बाद FIR दर्ज
नवाबगंज टोल प्लाजा पर करीब 28 से ज्यादा गाड़ियां बिना टोल दिए जबरन निकल गईं। आरोप है कि काफिले में शामिल कुछ लोगों ने टोल कर्मचारियों के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि उन्हें धमकाया भी। ऐसी ही एक घटना पहले प्रतापगढ़ के कोटिला अख्तियारी टोल प्लाजा पर भी हुई थी। वहां एक थार और एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने तो एक कर्मचारी को लगभग टक्कर ही मार दी थी। टोल स्टाफ की शिकायत पर पुलिस ने अब इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और आगे की जांच जारी है।