डुंगरपुर में वत्रक तालाब में डूबकर एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत, 2 को बचाया गया
राजस्थान के डुंगरपुर जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र के लिखी बड़ी गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां वत्रक तालाब में नहाने उतरे एक ही परिवार के 6 लोगों में से 4 की डूबने से मौत हो गई, जबकि 2 अन्य को बचा लिया गया। मृतकों में हिना दमोर (24), प्रतीक दमोर (20), ईशिता दमोर (15) और उनके चचेरे भाई रौनक परमार (20) शामिल हैं। रौनक गुजरात के पालनपुर का रहने वाला था। इस दर्दनाक हादसे में 2 अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सुरेश सिंह ने बचाई 2 लोगों की जान
यह घटना सुबह करीब 10 बजे के आसपास हुई। जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग नहाते हुए तालाब के गहरे पानी में चले गए, जिसके बाद अचानक डूबने लगे। डूबते हुए लोगों की चीख-पुकार सुनकर जयसिंह के पिता सुरेश सिंह तुरंत मदद के लिए भागे। उन्होंने बहादुरी दिखाते हुए 2 सदस्यों को डूबने से बचा लिया, लेकिन दुख की बात यह है कि बाकी 4 लोगों तक पहुंचने में उन्हें देर हो चुकी थी। पुलिस ने इस पूरे मामले की जानकारी जुटा ली है।