क्यों बढ़ रही हैं अंडों की कीमतें? सामने आया एथेनॉल संबंध
भारत में अंडे महंगे हो रहे हैं। पिछले एक साल में इनकी कीमतों में 35 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है और अब एक अंडे की कीमत 9 रुपये तक पहुंच गई है।
इसकी मुख्य वजह है मक्का, जो मुर्गियों का चारा होता है। पिछले 3 सालों में मक्के के दाम लगभग दोगुने हो गए हैं। इसी वजह से अंडे का उत्पादन करना काफी महंगा हो गया है।
डिस्टिलरीज भारत के 37 प्रतिशत मक्के का इस्तेमाल कर रहीं
भारत में एथनॉल ईंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी वजह से मक्के का एक बड़ा हिस्सा अब मुर्गियों के फार्म की जगह डिस्टिलरीज में जा रहा है। देश में पैदा होने वाले कुल मक्के का लगभग 37 प्रतिशत हिस्सा अब डिस्टिलरीज में इस्तेमाल हो रहा है।
इसका मतलब है कि मुर्गियों के लिए मक्का कम पड़ रहा है और इससे लागत बढ़ रही है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि सर्दियों में मक्के की मांग बढ़ने वाली है, ऐसे में अंडे के दाम ऊंचे बने रह सकते हैं और ठंड के मौसम में और भी बढ़ सकते हैं।