UAE के रास्ते भारत भेजी जा रही थी पाकिस्तानी खजूर, DRI ने 362 टन खेप दबोची
भारत के राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने देश में चोरी-छिपे लाई जा रही 362 मीट्रिक टन से अधिक पाकिस्तानी सूखी खजूर की एक बड़ी खेप पकड़ी है। यह खेप संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के सामान के तौर पर भारत में लाई जा रही थी, ताकि 2 मई 2025 से लागू होने वाले आयात प्रतिबंध से बचा जा सके।
DRI ने इस खेप को नासिक में पकड़ा। जांच के दौरान पता चला कि इन सामानों को पाकिस्तानी नागरिकों द्वारा चलाए जा रहे संगठनों के जरिए भारत भेजा जा रहा था।
अंबाड में DRI ने 13 कंटेनरों की जांच की
दरअसल, इन सूखी खजूरों को कराची से भेजा गया था। फिर इन्हें UAE के रास्ते घुमाकर लाया गया और UAE में बना सामान बताया गया, लेकिन नासिक के CFS अंबाड में इन्हें रोक लिया गया।
DRI अधिकारियों को एक खुफिया जानकारी मिली थी। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने अंबाड में 13 कंटेनरों की जांच की और इस पूरे मामले का खुलासा किया। यह कार्रवाई 'ऑपरेशन डीप मैनिफेस्ट' का हिस्सा है, जिसका मकसद तीसरे देश के रास्ते भारत में प्रतिबंधित सामानों की तस्करी को रोकना है।