दीपेंद्र गोयल का 'टेंपल' विवादों में: डॉक्टरों ने 'घोटाला' बताया, फाउंडर ने दिया जवाब
जोमैटो के फाउंडर दीपेंद्र गोयल का नया फिटनेस ट्रैकर 'टेंपल' विवादों में आ गया है। 'द लिवर डॉक' के नाम से मशहूर डॉक्टर सायरिएक एबी फिलिप्स ने इसे 'घोटाला' बता दिया है।
85,000 रुपये की कीमत वाले इस 'टेंपल' डिवाइस के बारे में दावा है कि यह दिमाग में खून के बहाव और 'एंट्रॉपी' जैसी चीजें ट्रैक करता है। लेकिन डॉक्टर फिलिप्स इन दावों से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि इसके पीछे का विज्ञान भरोसेमंद नहीं है।
दीपेंद्र गोयल ने 'टेंपल' का किया बचाव
गोयल ने सोशल मीडिया पर 'टेंपल' का बचाव करते हुए कहा कि यह एक वेलनेस ट्रैकर है, मेडिकल डिवाइस नहीं। इसलिए इसे क्लिनिकल जांच की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि इसमें लगभग 250 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। साथ ही, 14 दिनों की रिटर्न पॉलिसी को उन्होंने इसकी विश्वसनीयता का सबूत बताया।
गोयल ने यह भी भरोसा दिलाया कि जल्द ही स्वतंत्र रिसर्च सामने आएंगी। उन्होंने इशारा किया कि इसमें कुछ नए फीचर्स भी होंगे, जो हमारे स्वास्थ्य को ट्रैक करने के तरीके को बदल सकते हैं।