पश्चिम बंगाल में डेंगू का कहर: 7 मौतें, 4000 से ज्यादा मामले; मुख्यंमत्री बोले- हालात काबू में
पश्चिम बंगाल में इन दिनों डेंगू का प्रकोप फैला हुआ है। 19 अगस्त तक राज्य में डेंगू के 4,035 मामले सामने आ चुके हैं और 7 लोगों की इस बीमारी से मौत हुई है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया है कि स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले साल के 7,600 से ज्यादा मामलों के मुकाबले इस साल संख्या काफी कम है। कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, और मुर्शिदाबाद सबसे ज्यादा प्रभावित जिले हैं।
मुख्यमंत्री ने साफ रिपोर्टिंग पर जोर दिया
सरकार इस पर लगातार काम कर रही है। फिलहाल कम से कम 148 लोग अस्पतालों में भर्ती हं, और उनके परिवारों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने डॉक्टरों से कहा है कि वे डेंगू के मामलों की साफ और सही रिपोर्ट दें, ताकि कोई भी मामला छूट न जाए।
शहरी विकास और नगर पालिका मामलों के मंत्री अग्निमित्र पॉल ने जानकारी दी कि पिछले साल के मुकाबले इस साल रिपोर्ट हुए मामलों में 15 प्रतिशत की कमी आई है।
राज्य नवंबर तक डेंगू पर नजर रखेगा
इस साल भले ही मामलों की संख्या कम हो, लेकिन अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश से मच्छरों की संख्या बढ़ सकती है और डेंगू का खतरा भी बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने नवंबर महीने तक डेंगू की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने का फैसला किया है।