गाजियाबाद पुलिस चौकी में रहस्यमयी धमाका, डिलीवरी एजेंट घायल; इस संगठन ने ली जिम्मेदारी
गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात एक जोरदार धमाका हुआ, जिसमें एक डिलीवरी एजेंट घायल हो गया। रात करीब 9 बजे हुए इस धमाके से चौकी के शीशे टूट गए और एक दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
धमाका उस वक्त हुआ जब डिलीवरी एजेंट एक पार्सल देने के लिए चौकी पर मौजूद था।
धमाके के कारणों की जांच जारी
पुलिस और फॉरेंसिक टीमें इस धमाके की वजह जानने में लगी हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि AC यूनिट के अंदर कोई पटाखा फटा होगा। इस मामले की जांच में कई अलग-अलग एजेंसियां शामिल हैं।
धमाके वाली जगह से कई सैंपल जुटाए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच आगरा में की जा रही है ताकि असल सच्चाई सामने आ सके। सुरक्षा के मद्देनजर और जांच को आसान बनाने के लिए पूरे इलाके को सील कर दिया गया है।
इस संगठन ने ली जिम्मेदारी
सोशल मीडिया पर ‘गाजी 2’ नाम के एक अकाउंट से पोस्ट कर आतंकी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने इस धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, गाजियाबाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस वायरल पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही हैं।