दिल्ली में AQI बढ़ने से लौटी दमघोंटू हवा, मॉनसून की विदाई ने बढ़ाई मुसीबत
दिल्ली की हवा में सांस लेना अब थोड़ा मुश्किल हो गया है। सोमवार को शहर का AQI बढ़कर 169 हो गया, जिससे दिल्ली अब 'मध्यम' प्रदूषण वाले इलाकों की ऊपरी कैटेगरी में आ गई है। इसका कारण सूखा मौसम और हवा की धीमी रफतार है।
IMD ने बताया कि अगले कुछ दिनों में मॉनसून भी विदा होने वाला है, इसलिए अभी बारिश से राहत की उम्मीद नहीं है।
सिरी फोर्ट, चांदनी चौक में AQI 221
सिरी फोर्ट और चांदनी चौक जैसे कुछ इलाकों में तो हालत और भी खराब है, वहां AQI 221 तक पहुंच गया है। अभी तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे उमस भरी गर्मी महसूस हो रही है। हालांकि, इस हफ्ते के आखिर तक न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की उम्मीद है।
पिछले महीने दिल्ली ने बारिश की वजह से साफ हवा का मजा लिया था। इस महीने 12 दिन ऐसे रहे जब हवा 'संतोषजनक' कैटेगरी में थी।
हरियाणा और पंजाब से भी मॉनसून की विदाई हो रही है, ऐसे में पड़ोसी राज्यों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेंगे।