दिल्ली में SUV हादसा: नाबालिग कार चालक के पिता ने बेटे की गलती मानी, माफी मांगी
क्या है खबर?
दिल्ली के द्वारका में 3 फरवरी को SUV स्कॉर्पियो की टक्कर से हुई 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की मौत के बाद नाबालिग कार चालक के पिता का बयान सामने आया है। उन्होंने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए हादसे के लिए अपने बेटे की गलती मानी और माफी मांगी। उन्होंने कहा कि घटना के दिन वह उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में थे। उन्होंने पुलिस को सहयोग देने की बात कही है।
बयान
मेरा बेटा और बेटी कार में थे- पिता
उन्होंने कहा, "जिस दिन घटना हुई मैं गोरखपुर में था। मुझे सुबह साढ़े 11 बजे इसकी जानकारी मेरी पत्नी से मिली। मैंने तुरंत अपनी पत्नी को मौके पर भेजा और पीड़ित बच्चे को तुरंत अस्पताल पहुंचाने को कहा। मैं शाम को दिल्ली पहुंचा, सीधे थाने पहुंचा और पुलिस ने मुझे घटना की सारी जानकारी दी। मुझे जो भी जानकारी मिली, वो पुलिस से मिली है। घटना के समय मेरा बेटा और मेरी बेटी कार में थे।"
बयान
मेरे बेटे की गलती है- पिता
पिता ने कहा, "यह मेरे बेटे की गलती है, और मैं इसके लिए माफ़ी मांगता हूं। जो भी कानूनी प्रक्रिया होगी उसे फॉलो करूंगा। मेरा गाड़ी का व्यवसाय है। गाड़ी हमारे बिज़नेस में इस्तेमाल होती है, और गाड़ी पर चालान हमारे ड्राइवरों की वजह से है जो इसे चलाते हैं। यह मेरे बेटे की वजह से नहीं है। यह दिल तोड़ने वाली घटना है। सब बहुत परेशान है। पूरे परिवार में बहुत दुख है, उस परिवार के लिए भी।"
बयान
कार चालक की उम्र पर क्या बोले पिता
पिता ने कहा कि वह पुलिस को सहयोग कर रहे हैं और पुलिस ने मुझसे कुछ दस्तावेज मांगे थे, जो हमने उन्हें मुहैया कराए हैं। उन्होंने कहा कि घटना के समय उनका बेटा रील नहीं बल्कि एक छोटा वीडियो बना रहे हैं, जो सभी देख सकते हैं। बेटे की उम्र पर पिता ने कहा कि उसका हेल्थी शरीर देखकर मौके पर लोगों ने उम्र का अंदाजा लगाया, लेकिन बाद में पुलिस को दस्तावेज दिए गए थे।
ट्विटर पोस्ट
नाबालिग कार चालक के पिता का बयान
#WATCH | Delhi: A 23-year-old died in a crash in Delhi’s Dwarka after an SUV driven by a minor collided with his bike
— ANI (@ANI) February 17, 2026
The accused's father says, "...This is my son's mistake, and I apologise for it. I will follow whatever the legal process entails. Whatever information I… pic.twitter.com/xn10xTZ9VC
घटना
क्या है मामला?
द्वारका में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास 3 फरवरी को सुबह 11 बजे साहिल अपनी बाइक से कार्यालय जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार SUV ने उनको सामने से टक्कर मार दी। हादसे में साहिल की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक कैब चालक अजित सिंह घायल हो गए। कार चालक को किशोर न्यायालय से बोर्ड परीक्षाओं के लिए जमानत मिली है। मृतक की मां एकल अभिभावक थीं। उन्होंने वीडियो जारी कर न्याय की मांग की है।