दिल्ली में SUV से हादसा: स्कॉर्पियो पर पहले से 13 चालान, गोल्ड मेडलिस्ट है नाबालिग चालक
क्या है खबर?
दिल्ली के द्वारका में तेज रफ्तार SUV स्कॉर्पियों से टक्कर के बाद 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की मौत के मामले में कई नई जानकारी सामने आई है। मृतक की मां इन्ना मकान ने मीडिया में दावा किया है कि हादसे के समय कार चला रहा युवक अक्षत्र सिंह नाबालिग है, जबकि वह अपने पिता नरेंद्र सिंह की कार चला रहा था। इन्ना ने बताया कि स्कॉर्पियो उत्तर प्रदेश में पंजीकृत है और उस पर पहले से चालान हैं।
चालान
कार पर अधिक गति के 13 चालान
इन्ना ने दावा किया कि उन्होंने 3 फरवरी को हादसे के बाद स्कॉर्पियो कार की चालान की जानकारी ली थी, जिसमें पता चला कि कार पर पहले से 13 चालान दिल्ली में हुए हैं। उत्तर प्रदेश में भी कार के कुछ चालान हुए हैं। इसमें अधिकतर चालान तेज गति से वाहन चलाने और लाइसेंस के मामले में है। इन्ना ने उसके प्रिंट निकाल कर रखे हैं। उन्होंने कहा कि इतने चालान के बाद भी नाबालिग के माता-पिता लापरवाह थे।
दावा
आरोपी नाबालिग पढ़ाई में गोल्ड मेडलिस्ट
इंडिया टुडे ने कार चालक के भाई से बातचीत की, जिसने बताया कि उसका भाई गोल्ड मेडलिस्ट छात्र है और उसने हमेशा परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन किया है। उसने बताया कि उसके भाई का शैक्षणिक रिकॉर्ड उसके चरित्र को दर्शाता है। उसने हादसे को लेकर किए जा रहे दावों को झूठ बताया और कहा कि उसका घर घटनास्थल से 200 मीटर दूर था और कार की स्पीड तेज नहीं थी। उसने भाई के मौके से न भागने को साहसी बताया।
मुकदमा
पुलिस पिता के खिलाफ भी दर्ज करेगी आरोपपत्र
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि हादसे के दिन 3 फरवरी को नाबालिग कार चालक को मौके से गिरफ्तार किया गया था। तब उसने अपनी उम्र 19 साल बताई थी। जब दस्तावेज आए तो उसमें उम्र 17 साल निकली। ऐसे में उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे सुधार गृह भेज दिया गया। 10 फरवरी को उसे 10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए जमानत मिली है। चालक के पिता के खिलाफ भी आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।
घटना
क्या है पूरा मामला?
द्वारका में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास 3 फरवरी को सुबह 11 बजे साहिल अपनी बाइक से कार्यालय जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार SUV ने उनको सामने से टक्कर मार दी। हादसे में साहिल की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक कैब चालक अजित सिंह घायल हो गए। मृतक की मां एकल अभिभावक थीं। उन्होंने वीडियो जारी कर न्याय की मांग की है। उन्होंने बताया कि नाबालिग तेज रफ्तार में कार चलाते समय रील बना रहा था।