दिल्ली इमारत हादसे में मृतकों की संख्या 6 हुई, बचाव अभियान अभी भी जारी
क्या है खबर?
दिल्ली के सत्य निकेतन स्थित हॉस्टल की इमारत ढहने से मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। अब तक 11 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि करीब 20-30 छात्र मलबे के नीचे फंसे हुए हैं। इमारत का मलबा अभी भी हटाया जा रहा है। रेस्क्यू डॉग और कैमरे के सहायता से फंसे हुए लोगों की तलाश की जा रही है। वहीं, 5 लोग गंभीर घायल हैं, जिन्हें AIIMS में भर्ती कराया गया है।
बचाव अभियान
NDRF समेत कई एजेंसियां बचाव अभियान में जुटी
बचाव अभियान में NDRF की लगभग 70 कर्मियों वाली 2 टीमें और एक खोजी दस्ते को तैनात किया गया है। मलबे में फंसे लोगों के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर भी लाए गए हैं।
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस, MCD और नागरिक सुरक्षा बचाव अभियान में शामिल हैं।
NDRF की टीमें मलबे में फंसे लोगों का पता लगाने के लिए लाइफ डिटेक्टर समेत खास उपकरणों का इस्तेमाल कर रही है।
ट्विटर पोस्ट
बचाव अभियान में स्निफर डॉग की भी मदद ली जा रही
#WATCH | Delhi: Search and rescue operations are underway on a war footing in South Delhi's Satya Niketan area following a building collapse that claimed six lives. A continuous search operation is being conducted in the debris with the help of NDRF dogs, with potential locations… pic.twitter.com/jKxnw0Qa5H
— ANI (@ANI) September 7, 2026
मालिक
मालिक के खिलाफ FIR, फरार
इमारत के मालिक का नाम हरि राम बंसल है, जो गुरुग्राम में रहता है। पुलिस ने उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या और लापरवाही की धाराओं FIR दर्ज की है। घटना के बाद से ही वो फरार बताया जा रह है। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
एक MCD अधिकारी ने बताया कि यह इमारत लगभग 50 वर्ष पुरानी थी। अनुमति केवल G+1 भवन के लिए थी, जबकि यह G+4 भवन था।
MCD
4 मंजिल से ज्यादा अवैध इमारतों को सील करने के आदेश
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने 4 मंजिलों से ज्यादा सभी अवैध इमारतों को तुरंत सील करने का आदेश दिया है। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि ऐसी अवैध इमारतों के निर्माण की अनुमति देने के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा, "दिल्ली में सत्य निकेतन भवन दुर्घटना के दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे।"
मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने फिर किया घटनास्थल का दौरा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज फिर घटनास्थल का दौरा किया है। वे कल भी मौके पर पहुंची थीं। बाद में वे AIIMS पहुंचकर घायलों से भी मिलीं। उन्होंने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं।
वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री गुप्ता , दिल्ली पुलिस आयुक्त और NDRF के महानिदेशक से बात की।
घटना पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई लोगों ने दुख जताया है।
घटना
इमारत में चल रहा था निर्माण कार्य
6 सितंबर की दोपहर ये 5 मंजिला इमारत ढह गई थी। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त इमारत के बेसमेंट में निर्माण कार्य चल रहा था और बारिश के चलते पानी भी भर गया था।
इमारत में हॉस्टल था, जिसमें 15 कमरे थे और हर कमरे में 2 से 3 छात्र रहते थे।
मलबे में फंसे कुछ छात्रों ने अपने दोस्तों को फोन कर बचाने की अपील की थी।