Loading...
देश

दिल्ली लाल किला धमाके पर लाइव अपडेट

Nov 11, 2025, 05:23 pm
दिल्ली लाल किला धमाके पर लाइव अपडेट
लाइव
Nov 11, 2025, 05:23 pm

जम्मू-कश्मीर में डॉक्टर उमर मोहम्मद के पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में पुलिस ने दिल्ली लाल किले के पास विस्फोट करने वाली कार चलाने वाले संदिग्ध व्यक्ति डॉक्टर उमर मोहम्मद के पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

Nov 11, 2025, 05:11 pm

धमाके में शामिल हर व्यक्ति को कड़ी सजा मिलेगी- अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि उन्होंने दिल्ली कार ब्लास्ट पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्हें इस घटना के पीछे के प्रत्येक अपराधी का पता लगाने का निर्देश दिया गया। इस कृत्य में शामिल हर व्यक्ति को एजेंसियों की कड़ी सजा मिलेगी।
Nov 11, 2025, 04:50 pm

महिला डॉक्टर पे पिता ने की बात

फरीदाबाद से गिरफ्तार की गई आरोपी महिला डॉक्टर शाहीन शाहिद और उनके भाई परवेज सईद अंसारी के पिता सैयद अहमद अंसारी ने मंगलवार को फरीदाबाद आतंकी मॉड्यूल के बारे में बात की। अंसारी ने कहा, "मेरे तीन बच्चे हैं, शाहीन मेरी दूसरी औलाद है और मेरा तीसरा बच्चा परवेज सईद अंसारी है। शाहीन ने इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस और एमडी की पढ़ाई पूरी की है। दोनों डिग्रियां मान्यता प्राप्त मेडिकल संस्थानों से हैं।"

Nov 11, 2025, 04:37 pm

उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर छापेमारी

दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद सतर्क हुई सुरक्षा एजेंसियों ने उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर छापेमारी की है। लखनऊ के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) अमोल मुरकुट ने बताया कि मड़ियांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत IIM रोड पर मुत्तकीपुर इलाके में स्थित लखनऊ के एक डॉक्टर परवेज अंसारी के घर की मंगलवार सुबह तलाशी ली गई। उनपर डॉक्टर मुजम्मिल और उनकी कथित प्रेमिका शाहीन शाहिद के साथ कथित संबंध होने का आरोप है, जिन्हें जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोमवार को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था।

Nov 11, 2025, 03:59 pm

कांग्रेस ने सरकार से दिल्ली विस्फोट पर स्पष्टीकरण मांगा

कांग्रेस ने भारत सरकार से लाल किले के पास हुए विस्फोट पर स्पष्टता प्रदान करने का आग्रह करते हुए कहा कि लोगों में भय और चिंता है कि देश की राजधानी में ऐसी घटना हुई। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि 18 घंटे बीत चुके हैं और अभी भी यह स्पष्ट नहीं है कि यह "हमला" था या नहीं। खेड़ा ने कहा, "सरकार, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस की ओर से कोई स्पष्टता नहीं है। लोगों में भय और चिंता है कि देश की राजधानी में ऐसी घटना हुई है, इसलिए जवाब मिलना ज़रूरी है और इस पर स्पष्टता होनी चाहिए।"

Nov 11, 2025, 03:41 pm

अमित शाह करेंगे एक और सुरक्षा समीक्षा बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक और सुरक्षा समीक्षा बैठक में भाग लेने के लिए अपने आवास से निकल चुके हैं।

Nov 11, 2025, 03:12 pm

इजराइल ने दिल्ली विस्फोट पर संवेदना व्यक्त की

इज़राइल के विदेश मंत्री गिदोन सार ने लाल किले के पास हुए विस्फोट में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। इजराइली विदेश मंत्रालय के एक बयान में कहा गया, "मैं भारत के लोगों और विशेष रूप से दिल्ली के मध्य में हुए विस्फोट में मारे गए निर्दोष पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी और इज़राइल की गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। इज़राइल आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है।"

Nov 11, 2025, 02:54 pm

लाल किले के पास विस्फोट के बाद UK ने यात्रा परामर्श जारी किया

दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन पर हुए विस्फोट के बाद, यूनाइटेड किंगडम (UK) ने भारत की यात्रा पर आए अपने नागरिकों के लिए एक यात्रा परामर्श जारी किया है। विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (FCDO) ने भारत-पाकिस्तान सीमा के 10 किलोमीटर के भीतर किसी भी प्रकार की यात्रा न करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा, "वाघा-अटारी सीमा बंद है। FCDO केंद्र शासित प्रदेश जम्मू और कश्मीर (पहलगाम, गुलमर्ग, सोनमर्ग, श्रीनगर शहर और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित) की यात्रा न करने की सलाह देता है। जम्मू शहर से हवाई यात्रा और जम्मू शहर के भीतर यात्रा कर सकते हैं।"

Nov 11, 2025, 02:51 pm

दिल्ली लाल किला विस्फोट मामला NIA को सौंपा गया

केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट की जांच करने का आदेश दिया है। इसमें अब तक 13 लोगों की मौत हो गई है।

Nov 11, 2025, 02:49 pm

AAP ने प्रधानमंत्री मोदी पर बोला हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह ही भूटान की यात्रा पर गए है। ऐसे में आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली विस्फोट पीड़ितों से अस्पताल में मुलाकात करते हुए कहा, "जब भी कोई बड़ी त्रासदी होती है, तो हम वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न मंचों से संवेदना व्यक्त करते हुए देखते हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर शब्द पर्याप्त नहीं होते। सरकार को ईमानदारी से कार्रवाई करनी चाहिए। सरकार ने कहा था कि किसी भी आतंकवादी हमले को 'युद्ध की कार्रवाई' माना जाएगा... यह एक युद्धग्रस्त देश है, और फिर भी प्रधानमंत्री आज सुबह विदेश यात्रा पर चले गए।"

Nov 11, 2025, 02:27 pm

पुलवामा से एक और डॉक्टर हिरासत में

दिल्ली लाल किला के पास कार विस्फोट मामले में जम्मू कश्मीर के पुलवामा से डॉक्टर सज्जाद अहमद नाम के व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सज्जाद विस्फोट के खुद आरोप डॉक्टर मोहम्मद उमर का दोस्त है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सज्जाद को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

Nov 11, 2025, 02:25 pm

भूटान के राजा ने दिल्ली कार विस्फोट के पीड़ितों के लिए की प्रार्थना

भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने मंगलवार को हजारों भूटानी नागरिकों के साथ दिल्ली में हुए विस्फोट के पीड़ितों के लिए प्रार्थना की। यह विशेष प्रार्थना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के दौरान थिम्पू के चांगलीमेथांग स्टेडियम में आयोजित की गई।

Nov 11, 2025, 02:23 pm

पाकिस्तान में भी हुआ धमाका

दिल्ली में कार में हुए विस्फोट के एक दिन बाद ही पाकिस्तान के इस्लामाबाद में भी ऐसा ही एक विस्फोट हुआ है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह विस्फोट इस्लामाबाद जिला अदालत के बाहर एक खड़ी कार में हुआ। विस्फोट का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। कई लोगों की मौत भी बताई जा रही है।

Nov 11, 2025, 02:12 pm

चीन ने किया शोक व्यक्त

चीन ने दिल्ली में सोमवार को हुए बम विस्फोट पर शोक व्यक्त किया है। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने मंगलवार को एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, "हम इस घटना से स्तब्ध हैं।" उन्होंने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की, मृतकों और घायलों के परिवारों के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Nov 11, 2025, 01:44 pm

प्रधानमंत्री मोदी कल करेंगे बैठक

दिल्ली में हुए धमाके के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल (12 नवम्बर) शाम 5:30 बजे भूटान से लौटने के बाद सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसके बाद पूर्ण कैबिनेट बैठक भी होगी।

Nov 11, 2025, 01:37 pm

फरीदाबाद में गिरफ्तार महिला डॉक्टर जैश की महिला विंग की प्रमुख निकली

लखनऊ की डॉक्टर शाहीना शाहिद पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद की महिला शाखा की प्रमुख निकली। उसे फरीदाबाद में पकड़े गए एक आतंकी मॉड्यूल के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था।

Nov 11, 2025, 01:14 pm

अमित शाह के आवास पर उच्च स्तरीय बैठक जारी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक जारी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो के निदेशक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी के महानिदेशक और दिल्ली पुलिस आयुक्त सहित अन्य लोग मौजूद हैं।

Nov 11, 2025, 01:03 pm

दिल्ली के उपराज्यपाल पहुंचे अस्पताल

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने स्थिति का जायजा लेने के लिए लोक नायक अस्पताल का दौरा किया और यहां भर्ती रोड किला विस्फोट पीड़ितों से बातचीत की। उपराज्यपाल ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। ​

Nov 11, 2025, 01:02 pm

माता वैष्णो देवी मंदिर में सुरक्षा बढ़ी

दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट के एक दिन बाद मंगलवार को अधिकारियों ने श्री माता वैष्णो देवी मंदिर समेत पूरे जम्मू में सुरक्षा कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि श्री माता वैष्णो देवी मंदिर और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जिसमें कटरा भी शामिल है। वहां तैनात पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों को भी मंदिर क्षेत्र और कटरा कस्बे से यात्रा मार्गों पर तोड़फोड़-रोधी जांच करने का आदेश दिया गया है।

Nov 11, 2025, 12:51 pm

लखनऊ में ATS की छापेमारी

उत्तर प्रदेश ATS और जम्मू-कश्मीर पुलिस की एक संयुक्त टीम ने लखनऊ में आतंकवादियों से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों के ठिकानों पर छापेमारी की। ये छापेमारी मड़ियांव इलाके के एक शॉपिंग मॉल और एक घर पर की गई। ये छापेमारी खासतौर पर डॉडॉक्टर मुज़म्मिल के नेटवर्क से जुड़े ठिकानों पर की गई, जिनमें उसकी प्रेमिका शाहीन का घर भी शामिल है। अधिकारी इन व्यक्तियों की आतंकवादी गतिविधियों में संभावित संलिप्तता की जाँच कर रहे हैं।

Loading...