दिल्ली के ट्रैफिक का 'इलाज': PWD ला रहा 8 किलोमीटर एलिवेटेड रोड और अंडरपास
दिल्ली का PWD शहर के ट्रैफिक को कम करने के लिए 2 नए प्रोजेक्ट्स शुरू करने की तैयारी में है। इनमें से एक 8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड होगी, जो रानी झांसी रोड और पंजाबी बाग वेस्ट मेट्रो स्टेशन को जोड़ेगी। यह रोड आनंद पर्वत और जखीरा से होकर गुजरेगी।
दूसरा प्रोजेक्ट मयूर विहार के क्राउन प्लाजा ट्रैफिक सिग्नल के पास 500 मीटर का अंडरपास बनाने का है। इन दोनों प्रोजेक्ट्स पर काम शुरू करने से पहले एक फिजिबिलिटी स्टडी की जाएगी, जिस पर 2.73 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस स्टडी से पता चलेगा कि इन रास्तों को कैसे सबसे बेहतर तरीके से बनाया जा सकता है और इनसे आम यात्रियों को कितनी राहत मिल पाएगी।
दिल्ली के जाम से राहत के लिए PWD के प्रोजेक्ट्स
यह एलिवेटेड रोड मध्य और पश्चिमी दिल्ली को आपस में जोड़ेगी, जिससे गाड़ियों के लिए एक सीधा और तेज रास्ता बनेगा। इसका फायदा यह होगा कि मौजूदा सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, खासकर उन लोगों के लिए जो रोजाना शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक आना-जाना करते हैं।
मयूर विहार में बनने वाले अंडरपास का मुख्य लक्ष्य क्राउन प्लाजा चौराहे पर लगने वाले जाम को खत्म करना है। इससे मेन रोड पर चलने वाली गाड़ियां बिना रुके आगे बढ़ सकेंगी।
वहीं, चौराहे के पास रहने वाले या लोकल कहीं आने-जाने वाले लोग ग्राउंड लेवल की सड़कों का इस्तेमाल पहले की तरह ही कर पाएंगे। स्टडी पूरी होने के बाद इन दोनों प्रोजेक्ट्स की पूरी रूपरेखा तैयार की जाएगी। दरअसल, ये केवल 2 प्रोजेक्ट नहीं हैं, बल्कि दिल्ली में ट्रैफिक को बेहतर बनाने की एक बड़ी योजना का हिस्सा हैं। अभी दिल्ली में ऐसे करीब 18 प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है, जिनका मकसद लोगों के सफर को आसान और सुगम बनाना है। ये दोनों नए प्रोजेक्ट भी उसी दिशा में एक अहम कदम हैं।