दिल्ली पुलिस ने जनरल नरवणे की किताब को लेकर पेंगुइन इंडिया को नोटिस भेजा
क्या है खबर?
दिल्ली पुलिस ने पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित संस्मरण फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी को लेकर प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया को नोटिस जारी किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने नोटिस में अप्रकाशित संस्मरण से संबंधित कई सवालों के जवाब मांगे हैं और प्रकाशक से जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कथित अवैध प्रसार को लेकर आपराधिक साजिश के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
दावा
पेंगुइन इंडिया ने कल जारी किया था बयान
किताब की अवैध बिक्री को लेकर पेंगुइन इंडिया ने मंगलवार को बयान जारी कर किताब के प्रकाशित न होने की बात कही थी। प्रकाशक ने कहा था कि किताब के प्रकाशन के अधिकार उसके पास सुरक्षित है औऱ किताब की कोई भी कॉपी प्रिंट या डिजिटल फ़ॉर्म में प्रकाशित, बांटी, बेची या किसी और तरह से पब्लिक के लिए प्रकाशक की ओर से उपलब्ध नहीं कराई गई है। प्रकाशक ने मामले में कानूनी कार्रवाई की बात भी कही थी।
विवाद
राहुल गांधी के संसद परिसर में किताब दिखाने के बाद हरकत में आई पुलिस
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने जनरल नरवणे कि किताब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र सबसे पहले संसद में किया था, जिसको लेकर हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद उन्होंने किताब की भौतिक प्रति संसद परिसर में पत्रकारों को दिखाई, जबकि यह दावा किया जा रहा था कि किताब अभी अप्रकाशित है और बाजार में उपलब्ध नहीं है। इसके बाद पुलिस हरकत में आई थी और अवैध बिक्री का मामला दर्ज किया था। मामले में जांच जारी है।