Page Loader
दिल्ली पुलिस ने लाल किले पर झंडा फहराने वाले युवक की गिरफ्तारी के लिए दी दबिश

दिल्ली पुलिस ने लाल किले पर झंडा फहराने वाले युवक की गिरफ्तारी के लिए दी दबिश

Jan 29, 2021
08:43 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा के बीच लाल किले की प्राचीर पर केसरिया झंडा फहराने वाले युवक की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके लिए दिल्ली पुलिस की एक विशेष टीम ने शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में कई जगह दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। उसके बाद पुलिस ने उसके परिचितों से पूछताछ कर अन्य जगहों पर दबिश देने की योजना बनाई है।

प्रकरण

आरोपी युवक ने लाल किले पर फहराया था केसरिया झंडा

ट्रैक्टर रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों का एक समूह सुबह बेरिकेडिंग तोड़ते हुए लाल किले तक पहुंच गया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के झड़प भी हुई थी। इसी बीच कथित रूप से पंजाब के तरनतारन जिले के गांव वान तारा सिंह निवासी जुगराज सिंह (23) ने लाल किले पर केसरिया झंडा फहरा दिया था। सोशल मीडिया पर चल रहे घटना के वीडिया के आधार पर उसकी पहचान हुई थी। उसके बाद से पुलिस की उसकी तलाश में जुटी है।

लापता

घटना के बाद से फरार है जुगराज सिंह

सोशल मीडिया पर जुगराज सिंह की पहचान होने के बाद ही वह घर से फरार है। इतना ही नहीं, उसके पिता बलदेव सिंह और मां भगवंत कौर भी अपनी तीनों बेटियों के साथ घर छोड़कर चली गई है। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को उसके गांव पहुंचकर दबिश दी थी, लेकिन घर में उसके दादा महिल सिंह और दादी गुरचरण कौर ही मिले थे। उन्होंने बताया कि जुगराज ने अनजाने में ऐसा कर दिया होगा। उसे परिणामों का अंदाजा नहीं था।

दबिश

पुलिस ने शुक्रवार को जालंधर में दी कई जगह दबिश

मामले में पुुलिस को शुक्रवार को जुगराज के जालंधर में होने की सूचना मिली थी। इसको लेकर विशेष टीम ने जालंधर पहुंचकर कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन अभी तक जुगराज को पकड़ने में सफलता नहीं मिली है। ऐसे में पुलिस ने उसके कई परिचितों से मिलने के उसके अन्य ठिकानों का पता लगाया है और वहां दबिश की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जुगराज को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बयान

ग्रामीणों ने जुगराज को बताया मासूम

ग्रामीण प्रेम स‍िंह ने बताया कि जुगराज ने जो किया वह निश्चित ही दुर्भाग्‍यपूर्ण है, लेकिन उस युवा और मासूम को लाल किले पर झंडा फहराने का नतीजा नहीं पता था। वह बहुत मेहनती लड़का है। एक अन्य ग्रामीण ने कहा कि जुगराज गांव के गुरुद्वारों में निशान साहिब पर चोला साहिब चढ़ाने की सेवा करता था। उसे चोला चढ़ाने में महारात हासिल थी। ऐसे में उसने जोश में आकर दिल्ली के लाल किले पर झंडा फहरा दिया होगा।