दिल्ली पुलिस ने 100 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया
दिल्ली पुलिस ने एक बड़े टेक-सपोर्ट स्कैम का भंडाफोड़ किया है, जिसने अमेरिका के लोगों को करीब 100 करोड़ रुपये का चूना लगाया।
यह सारा गोरखधंधा पीतमपुरा के एक कॉल सेंटर से चल रहा था। ठग लोगों के कंप्यूटर में मैलवेयर डाल देते थे और फिर उनके सामने नकली अलर्ट दिखाकर उन्हें फर्जी सपोर्ट नंबर पर फोन करने के लिए मजबूर करते थे।
21 सितंबर को पुलिस ने छापा मारकर 11 लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से ₹41 लाख नकद भी जब्त किए।
कवल प्रीत सिंह, प्रशांत नंदा गिरफ्तार
इस ठगी में शामिल लोग खुद को बैंक अधिकारी बताकर पीड़ितों को झांसे में लेते थे। वे उनसे रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करवाते थे और फिर उन्हें गिफ्ट कार्ड खरीदने या क्रिप्टोकरेंसी भेजने के लिए उकसाते थे।
इतना ही नहीं, ठग FBI जैसी अमेरिकी जांच एजेंसियों के नाम से भी फर्जी मैसेज भेजते थे ताकि पीड़ित उनकी बातों को सच मान लें।
पुलिस ने इस मामले में कवल प्रीत सिंह और प्रशांत नंदा को गिरफ्तार किया है। इस अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन से जुड़े बाकी लोगों की तलाश अभी भी जारी है।