Page Loader
स्पाइजेट की फ्लाइट में क्रू मेंबर से बदसलूकी करने वाला शख्स गिरफ्तार, घटना का वीडियो वायरल
स्पाइजेट की फ्लाइट में क्रू मेंबर से बदसलूकी करने वाला शख्स गिरफ्तार

स्पाइजेट की फ्लाइट में क्रू मेंबर से बदसलूकी करने वाला शख्स गिरफ्तार, घटना का वीडियो वायरल

लेखन नवीन
Jan 24, 2023
10:53 am

क्या है खबर?

दिल्ली से हैदराबाद जा रही एक स्पाइसजेट की फ्लाइट में बोर्डिंग के दौरान एक यात्री द्वारा क्रू मेंबर के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। इसके बाद आरोपी शख्स और उसके साथी को दिल्ली एयरपोर्ट पर ही उतार दिया गया। दिल्ली पुलिस ने शिकायत पर आरोपी अबसार आलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस घटना से जुड़ा एक कथित वायरल वीडियो भी सामने आया है।

घटनाक्रम

क्या था मामला?

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना दिल्ली से हैदराबाद जा रही फ्लाइट संख्या SG-8133 की है और दिल्ली में फ्लाइट में बोर्डिंग करने के दौरान कथित तौर एक शख्स ने क्रू मेंबर से बदसलूकी की। इसके बाद यात्री द्वारा गलत तरीके से बर्ताव करने को लेकर क्रू मेंबर ने पायलट और सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी। ऐसे में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ही आरोपी और उसके साथी सहयात्री को ही फ्लाइट से उताकर सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया गया।

वीडियो

वीडियो में केबिन क्रू मेंबर पर चिल्लाते दिख रहा शख्स

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में आरोपी एक क्रू मेंबर पर चिल्लाते हुए दिखाई दे रहा है और एक अन्य यात्री आरोपी शख्स का पक्ष लेता हुआ दिख रहा है। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ यात्री बहस को रोकने और बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं। यह वीडियो कथित तौर पर दिल्ली से हैदराबाद जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में बैठे एक यात्री ने बनाया है।

ट्विटर पोस्ट

क्रू मेंबर से बदसलूकी का वीडियो भी आया सामने

घटना

फ्लाइट में यात्री पहले भी कर चुके हैं बदसलूकी

26 नवंबर, 2022 को एयर इंडिया की न्यूयॉर्क-नई दिल्ली फ्लाइट में आरोपी शंकर मिश्रा ने बुजुर्ग महिला पर पेशाब कर दिया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था। आरोपी की लोकेशन को ट्रैक करते हुए दिल्ली पुलिस ने उसे बेंगलुरू से गिरफ्तार किया था।। इसी तरह 6 दिसंबर को एयर इंडिया की पेरिस-दिल्ली फ्लाइट में एक शराबी यात्री ने महिला यात्री के कंबल पर पेशाब कर दिया था।

जुर्माना

DGCA ने एयर इंडिया पर लगाया 30 लाख रुपये का जुर्माना

DGCA ने इन दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए एयर इंडिया पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही फ्लाइट के पायलट इन कमांड के लाइसेंस को ड्यूटी का निर्वहन न करने के लिए तीन महीने के लिए निलंबित किया गया है। एयर इंडिया की निदेशक-इन-फ्लाइट सेवाओं पर भी तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। 26 नवंबर को हुई घटना को लेकर आरोपी मिश्रा पर एयर इंडिया ने चार महीने का प्रतिबंध भी लगाया है।