दिल्ली पुलिस के हाथ लगी बड़ी सफलता, गोल्डि ढिल्लों गिरोह के 2 सदस्यों को दबोचा
दिल्ली पुलिस ने गोल्डि ढिल्लों गिरोह के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए इन बदमाशों की पहचान जतिन भारद्वाज (जिसे नन्नू भी कहा जाता है) और सुखविंदर सिंह (जिसे बग्गा के नाम से भी जानते हैं) के तौर पर हुई है। पुलिस का कहना है कि ये दोनों हथियार और नशीली दवाओं की तस्करी में शामिल थे। इनकी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को उनके पास से कई पिस्तौलें, कारतूस, मोबाइल फोन और एक बाइक भी मिली है।
गिरोह करता था जंगी और सिग्नल ऐप का इस्तेमाल
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसी जानकारी पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले जतिन को रोहिणी इलाके से पकड़ा। उस पर पहले से ही 14 आपराधिक मामले दर्ज थे। इसके बाद सुखविंदर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर भी 7 अन्य मामले दर्ज हैं और वह हथियारों की सप्लाई का काम करता था। जांच में पता चला है कि यह गैंग पुलिस से बचने के लिए जंगी और सिग्नल जैसे एनक्रिप्टेड ऐप्स का इस्तेमाल करता था। इन ऐप्स के जरिए वे अपनी बातचीत को गोपनीय रखते थे, ताकि कोई उनकी जासूसी न कर सके।