दिल्ली: कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से 3 की मौत, जानिए कैसे हुआ हादसा
क्या है खबर?
दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में अचानक पानी भरने से 3 छात्रों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि 27 जुलाई की शाम को जलभराव के बाद बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में कई स्टूडेंट के फंसे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) मौके पर गई और बचाव अभियान चलाया।
14 छात्रों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन 3 को नहीं बचाया जा सका।
हादसा
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस उपायुक्त (मध्य दिल्ली) एम हर्षवर्धन ने बताया, "27 जुलाई की शाम भारी बारिश हुई, जिस कारण सड़क पर पानी भर गया था। अब इस मामले की जांच की जा रही है कि बेसमेंट में पानी इतनी तेजी से कैसे भर गया। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।"
बताया जा रहा है कि 2 से 3 मिनट के अंदर ही बेसमेंट में 10-12 फीट पानी भर गया था। घटना के वक्त लाइब्रेरी में करीब 30 छात्र थे।.
बेसमेंट
बेसमेंट में अचानक कैसे भर गया पानी?
जानकारी के मुताबिक, इस इलाके में कई बेसमेंट वाली इमारतें हैं। हालांकि, बेसमेंट के आगे दीवार की वजह से पानी अंदर नहीं आता है। पहले भी इस इमारत में कभी पानी नहीं भरा।
आशंका जताई जा रही है कि सीवर या नाली के फटने से अचानक पानी भर गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि बेसमेंट में लगे कांच भी टूट गए। कुछ छात्रों ने लाइब्रेरी की टेबल-कुर्सी पर खड़े होकर खुद को डूबने से बचाया।
मृतक
मृतकों में एक PhD छात्र
हादसे में मृतकों की पहचान केरल के नेविन डाल्विन, तान्या सोनी और श्रेया यादव के तौर पर हुई है।
नेविन जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से PhD कर रहा था। वो सुबह करीब 10 बजे से लाइब्रेरी में था।
श्रेया ने हाल ही में कोचिंग सेंटर में प्रवेश लिया था और वो उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के बरसावां हाशिमपुर की रहने वाली थी। वहीं, तान्या मूल रूप से तेलंगाना की रहने वाली थी।
प्रदर्शन
छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन
हादसे के बाद छात्रों में आक्रोश है और उन्होंने दिल्ली सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है।
समाचार एजेंसी ANI से एक छात्र ने कहा, "हमारी मांग है कि इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यहां बेसमेंट में खुली ये सभी चीजें अवैध रूप से संचालित की जा रही हैं और सुरक्षा के भी कोई उपाय नहीं हैं, इसलिए इन सभी चीजों को रोका जाना चाहिए और कार्रवाई की जानी चाहिए।"
आरोप
बांसुरी स्वराज ने सरकार पर उठाए सवाल
दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, "नाले की सफाई नहीं होने से बेसमेंट में पानी भर गया। हफ्ते भर से बार-बार यहां के लोग विधायक दुर्गेश पाठक से नाले की सफाई करवाने को कह रहे थे, लेकिन उनकी बात को अनसुना कर दिया गया।"
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "केजरीवाल, आतिशी और उनकी सरकार के भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए। दिल्ली नगर निगम के भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए। नाले की सफाई क्यों नहीं हुई?"
जांच
घटना की न्यायिक जांच के आदेश, 2 लोगों की गिरफ्तारी
शिक्षा मंत्री आतिशी ने कहा, 'राजेंद्र नगर में एक कोचिंग इंस्टीट्यूट की बेसमेंट में पानी भरने के की खबर है। मेयर और स्थानीय विधायक भी वहां पर हैं। मैं हर मिनट घटना की खबर ले रहीं हूं। ये घटना कैसे घटी, इसकी मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसको बख्शा नहीं जाएगा।'
पुलिस ने कोचिंग सेंटर के मालिक और समन्वयक को गिरफ्तार कर लिया है।