दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश से सड़कें जलमग्न; 380 उड़ानें प्रभावित, 26 रद्द
क्या है खबर?
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में आज सुबह तेज बारिश के बाद सड़कें जलमग्न हो गई हैं। संगम विहार, दुर्गा विहार और कनॉट प्लेस समेत कई इलाकों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है। गुरुग्राम और दिल्ली की कई सड़कों पर वाहन रेंगते हुए चल रहे हैं। सड़कों पर गाड़ियां फंस गई हैं। दिल्ली हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण लगभग 385 उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
हालात
बारिश से कहां-कैसे हालात?
न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास पानी भरा गया है। बुराड़ी, CR पार्क और अलकनंदा जैसे इलाकों में भी जलभराव हुआ है।
NH-9 पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है।
जखीरा अंडरपास में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ है।
कमला नगर निगम बाजार में भी जलभराव हो गया है।
ITO से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट की तरफ जाने वाले रास्ते पर भी भीषण जाम लगा है।
उड़ानें
2 अंतरराष्ट्रीय समेत 15 उड़ानें डायवर्ट
बारिश की वजह से दिल्ली हवाई अड्डे से 15 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है। इनमें 2 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं।
डायवर्ट की गई उड़ानों में से 11 को जयपुर, जबकि 2 उड़ानें चंडीगढ़ और एक उड़ान लखनऊ भेजी गई है।
फ्लाइटराडार24 के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली हवाई अड्डे से आने-जाने वाली 26 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है।
इंडिगो ने कहा कि दिल्ली में खराब मौसम की वजह से उड़ानों के समय पर असर पड़ा है।
ट्विटर पोस्ट
अशोक विहार मेट्रो स्टेशन के बाहर का नजारा
VIDEO | Waterlogging near New Ashok Nagar metro station following heavy rain in Delhi-NCR.
— Press Trust of India (@PTI_News) August 24, 2026
(Full video available on PTI Videos - https://t.co/n147TvrpG7) pic.twitter.com/9s3FcxmtAn
मौसम
क्या कहता है IMD का पूर्वानुमान?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई जिलों में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट और अन्य जिलों में मध्यम बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
समाचार एजेंसी PTI ने बताया कि NCR के कुछ हिस्सों में गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी आशंका है।
अगले कुछ घंटों में गाजियाबाद, पूर्वी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है।
गुरुग्राम
गुरुग्राम में वर्क फ्रोम होम के आदेश
बारिश के बाद गुरुग्राम में प्रशासन ने कार्यालयों को घर से काम करने की अनुमति देने और स्कूलों को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाने के लिए कहा है।
जिला प्रशासन ने बताया कि गुरुग्राम में दोपहर 1:30 बजे तक 70 मिलीमीटर बारिश हुई। राजीव चौक, IFFCO चौक, रेलवे रोड, सेक्टर 5, ओल्ड दिल्ली रोड, महरौली रोड और बसई रोड सबसे ज्यादा प्रभावित हुए।
साइबर हब के पास, गेटवे टावर मेट्रो स्टेशन के सामने एक्सप्रेसवे का एक बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया।
बयान
राहगीरों ने सुनाई व्यथा
संगम विहार से निकले राहगीर शेखर ने कहा, "मैं सुबह करीब 10:30 बजे घर से निकला था, लेकिन दोपहर 12:30 बजे तक जाम में ही फंसा रहा। जलभराव के कारण आवाजाही प्रभावित है और लोगों को हर बारिश में जाम से जूझना पड़ता है।"
एक अन्य राहगीर ने बताया कि वह 3 घंटे से ज्यादा समय से जाम में फंसा हुआ है। उन्होंने कहा, "3 फीट पानी भरा होने की वजह से वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं।"