दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे से दृश्यता प्रभावित, उड़ानों पर असर
क्या है खबर?
दिल्ली समेत उत्तर भारत में एक बार फिर दिसंबर जैसी ठंड का अहसास हो रहा है। सुबह और शाम को घने कोहरे की चादर दिख रही है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। सोमवार को दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कोहरे की वजह से सड़क पर चलना मुश्किल हो गया। एयरलाइंस ने भी उड़ान प्रभावित होने की संभावना जताई है। दिल्ली हवाई अड्डे ने उड़ान परिचालन श्रेणी III (CAT III) के अनुरूप कर दिया है।
कोहरा
दिल्ली में कई जगह 50 मीटर से नीचे आई दृश्यता
दिल्ली के कई इलाकों में दृश्यता 50 मीटर से नीचे गिर गई, जिससे प्रमुख सड़कों और राजमार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। धौला कुआं, महिपालपुर जैसे इलाकों में 50 मीटर से कम दृश्यता के कारण वाहनों को धीमी गति से चलना पड़ा। अक्षरधाम और रेलवे ब्रिज के पास भी कोहरे ने पूरे इलाके को ढक लिया। आनंद विहार इलाके में भी जबरदस्त कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने कोहरे को देखते हुए नारंगी अलर्ट जारी किया है।
उड़ान
हवाई अड्डा प्राधिकरण और एयरलाइंस ने जारी की सलाह
दिल्ली हवाई अड्डा प्राधिकरण ने सुबह 6 बजे बताया कि घने कोहरे के कारण उड़ानें वर्तमान में श्रेणी III के तहत संचालित की जा रही हैं, जिससे देरी हो सकती है। उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि वे नवीनतम उड़ान जानकारी के लिए अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें या एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट देखें। इंडिगो और स्पाइसजेट ने भी एक्स पर यात्रियों से अपील की है कि वे उड़ान पर निकलने से पहले स्थिति जांच लें।
कोहरा
उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश में कोहरे को लेकर अलर्ट
उत्तर भारत के कई हिस्सों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। उत्तर प्रदेश के आगरा, बरेली, मेरठ, और हिंडन सहित कई हवाई अड्डों पर दृश्यता शून्य हो गई। लखनऊ समेत कुछ अन्य जिलों में भी कोहरा रहा। पंजाब के भटिंडा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कोहरा रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली और तटीय आंध्र प्रदेश में घने से बहुत घने कोहरे के लिए नारंगी से लाल अलर्ट जारी किया है।
ट्विटर पोस्ट
दिल्ली के महिपालपुर का दृश्य
#WATCH दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हुई।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 2, 2026
वीडियो महिपालपुर से है। pic.twitter.com/iYVPU2BoKv