दिल्ली: MCD ने कुत्तों के काटने के मामलों निपटने के लिए उठाया बड़ा कदम, जानिए क्या होगा
दिल्ली नगर निगम (MCD) ने कुत्तों के काटने के मामलों से निपटने के लिए बड़े कदम उठा रही है। इसके तहत अगले 2 सालों के दौरान कुल 1.2 लाख एंटी-रेबीज वैक्सीन की वायल खरीदी जाएंगी। दरअसल, सिर्फ साल 2025 में ही करीब 60,000 से 70,000 कुत्तों के काटने के मामले दर्ज हुए हैं। ऐसे में इन वैक्सीन का इंतजाम बेहद जरूरी है। ये वैक्सीन शहर भर में मौजूद MCD द्वारा संचालित 280 से भी ज्यादा अस्पतालों, डिस्पेंसरियों, मैटरनिटी सेंटरों और मोबाइल वैनों में उपलब्ध कराई जाएंगी।
MCD ने 35 करोड़ रुपये का बजट रखा
MCD के नए बजट में आवारा कुत्तों को टीका लगाने और माइक्रोचिपिंग के लिए 35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यही नहीं, द्वारका में एक बड़ा और नया शेल्टर भी बनाया जाएगा, जहां करीब 1,500 आक्रामक कुत्तों को रखा जा सकेगा। इन सभी कदमों का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि MCD के अस्पतालों और केंद्रों पर निर्भर रहने वाले निवासियों, खासकर कम आय वाले इलाकों के लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।