दिल्ली: युवक ने DND फ्लाईओवर से यमुना में कूदकर जान दी
दिल्ली के DND फ्लाईओवर से बुधवार को एक युवक ने यमुना में कूदकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है। पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 1ः45 बजे DND फ्लाईओवर से किसी के छलांग लगाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत बोट से गोताखोरों को काम पर लगाया और शव बरामद किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
पुल पर खड़ी मिली मोटरसाइकिल, लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल मिली है, जो राजू कुमार के नाम पर पंजीकृत है। राजू द्वारका के भारत नगर, ककरोला के रहने वाले हैं। पुलिस अधिकारी पंजीकृत मोटरसाइकिल के पते पर पहुंचे, लेकिन वहां सभी ने राजू नाम के शख्स को पहचानने से मना कर दिया। कुछ लोगों का कहना है कि यमुना नदी में जोड़े ने छलांग लगाई थी। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।