दिल्ली में साइबर फ्रॉड के चलते 850 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान
दिल्ली में 2025 के दौरान साइबर फाइनेंशियल स्कैम के 4,003 मामले दर्ज किए गए, जिनसे 850 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ। इन मामलों में दिल्ली पुलिस ने करीब 112.76 करोड़ रुपये की रकम बरामद की है और 3544 लोगों को गिरफ्तार किया है। सरकार ने इस हफ्ते संसद में जो जानकारी दी, उसमें ये आंकड़े सामने आए हैं।
11,158 करोड़ से ज्यादा बचाए गए
ऑनलाइन धोखाधड़ी में हो रही इस बढ़ोतरी से निपटने के लिए सरकार ने इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) का गठन किया है। इसके साथ ही, नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल भी शुरू किया गया है।
I4C सिस्टम पर मिली शिकायतों के आधार पर अब तक 11,158 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम बचाई जा चुकी है। इसके अलावा, बैंकों से 30.5 लाख से ज्यादा संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी मिली है, जिसे संबंधित विभागों के साथ साझा किया गया है।
वहीं, 25,698 करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन को भी ब्लॉक कर दिया गया है। दिल्ली में 2015 से इन मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, इसलिए ऑनलाइन लेन-देन करते समय ज्यादा सतर्क रहना अब पहले से कहीं ज्यादा जरूरी है।