BBC डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर जामिया मिलिया इस्लामिया में हंगामा, कई छात्र हिरासत में
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आधारित BBC की विवादित डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में हंगामा शुरू हो गया है। छात्र प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं।
स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने बयान जारी कर बताया कि पुलिस ने उनके सदस्य अजीज, निवेद्य, अभिराम और तेजस के साथ 12 से अधिक छात्रों को हिरासत में लिया है।
परिसर में दंगा निरोधक पुलिस बल तैनात है और विश्वविद्यालय के गेट पर ताला लगा है।
हंगामा
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्क्रीनिंग की नहीं दी अनुमति
विश्वविद्यालय प्रशासन ने डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की अनुमति नहीं दी है। प्रशासन ने छात्रों से कहा है कि जो भी इसकी स्क्रीनिंग में शामिल होंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
SFI ने विश्वविद्यालय परिसर में शाम 6:00 बजे डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग रखी है। इससे पहले जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया था।
बता दें कि भारत सरकार ने डॉक्यूमेंट्री को सभी सोशल मीडिया पर प्रतिबंधित कर दिया है।