दिल्ली हाई कोर्ट से लालू परिवार को बड़ा झटका, IRCTC घोटाले में आरोप खारिज करने से इनकार
दिल्ली हाई कोर्ट ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव के खिलाफ आपराधिक आरोप हटाने से इनकार कर दिया है। तीनों ने इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) होटल घोटाले में भ्रष्टाचार, साजिश और धोखाधड़ी के आरोपों से जुड़े ट्रायल कोर्ट के एक आदेश को चुनौती दी थी, लेकिन दिल्ली हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट के 13 अक्टूबर, 2025 के उस आदेश को सही ठहराया है।
IRCTC लीज पर यादव परिवार पर आरोप
यह पूरा मामला तब का है जब लालू यादव 2004 से 2009 तक रेल मंत्री थे। उन पर और उनके परिवार पर आरोप है कि उन्होंने IRCTC के 2 होटलों को लीज पर देते समय नियमों को ताक पर रखा और कथित तौर पर संदिग्ध जमीन सौदों के जरिए फायदा उठाया। यादव परिवार ने दलील दी थी कि उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं हैं और यह प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं थी, लेकिन जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने कहा कि ट्रायल कोर्ट ने सभी पहलुओं को ध्यान से देखा था। इसलिए कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ती रहेगी।