दिल्ली हाई कोर्ट की AAP नेताओं को चेतावनी, CBI अपील पर जवाब के लिए दिया 4 सप्ताह का समय
दिल्ली हाई कोर्ट ने आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और AAP नेता दुर्गेश पाठक को जवाब दाखिल करने के लिए चार हफ्तों का आखिरी मौका दिया है। कोर्ट इस बात से नाराज था कि उन्होंने जवाब देने की बजाय केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की अपील खारिज कराने के लिए अर्जियां दाखिल कर दी थीं। जस्टिस मनोज जैन ने साफ तौर पर कहा कि यह उनके लिए जवाब देने का आखिरी मौका होगा।
CBI ने केजरीवाल की रिहाई के खिलाफ की थी अपील
CBI ने फरवरी में आए उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें सबूतों की कमी के चलते केजरीवाल, सिसोदिया और 21 अन्य लोगों को बरी कर दिया गया था। AAP नेताओं का तर्क है कि CBI ने कुछ नए मुद्दे उठाए हैं, जिसके लिए उन्हें और समय चाहिए। हालांकि, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इसे सिर्फ मामला टालने का 'बचकाना तरीका' बताया है। कोर्ट अब इस मामले को जल्द से जल्द आगे बढ़ाना चाहता है। CBI को 5 और 6 अक्टूबर को अपनी दलीलें पेश करनी होंगी।