LOADING...
जस्टिस स्वर्णकांता शराब नीति मामले की सुनवाई से अलग हुईं, केजरीवाल पर होगी अवमानना की कार्रवाई
दिल्ली हाई कोर्ट में केजरीवाल के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू

जस्टिस स्वर्णकांता शराब नीति मामले की सुनवाई से अलग हुईं, केजरीवाल पर होगी अवमानना की कार्रवाई

लेखन आबिद खान
May 14, 2026
09:02 pm

क्या है खबर?

दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने कहा कि वह कथित तौर पर मानहानिकारक और अपमानजनक सोशल मीडिया पोस्ट के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और अन्य नेताओं के खिलाफ अवमानना ​​की कार्रवाई शुरू करेंगी। इसी के साथ जस्टिस शर्मा ने शराब नीति मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर अपमानजनक, मानहानिकारक और अवमाननापूर्ण सामग्री पोस्ट की जा रही है।

बयान

जस्टिस शर्मा ने कहा- चुप नहीं रह सकती

जस्टिस शर्मा ने कहा कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया और ऑनलाइन आपत्तिजनक और बदनाम करने वाली बातें पोस्ट की गईं, ऐसे में वह चुप नहीं रह सकतीं। उन्होंने कहा, "यह केवल व्यक्तिगत हमला नहीं था, बल्कि न्यायपालिका की संस्था को अस्थिर करने की संवैधानिक चोट थी। मेरे चुप रहने को कमजोरी समझा जा रहा था। जब किसी संस्था को कटघरे में खड़ा किया जाता है, तब यह कर्तव्य बन जाता है कि कोर्ट आरोपों से प्रभावित होकर संचालित न हो।"

मामला

केजरीवाल ने जस्टिस शर्मा को सुनवाई से हटाने की मांग की थी

इससे पहले केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि जस्टिस शर्मा इस मामले में पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही हैं और उन्हें सुनवाई से हटाने की मांग की थी। हालांकि, जज ने शराब नीति मामले की सुनवाई से खुद को अलग करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद केजरीवाल और अन्य नेताओं ने सुनवाई में शामिल होने से इनकार कर दिया। इस मामले में न्याय मित्रों की नियुक्ति भी की गई थी।

Advertisement