Page Loader
दिल्ली सरकार ने श्रमिकों के न्यूनतम वेतन को बढ़ाया, जानें अब किसे-कितनी मिलेगी मजदूरी
दिल्ली सरकार ने श्रमिकों का न्यूनतम वेतन बढ़ा दिया है

दिल्ली सरकार ने श्रमिकों के न्यूनतम वेतन को बढ़ाया, जानें अब किसे-कितनी मिलेगी मजदूरी

लेखन आबिद खान
Sep 25, 2024
05:25 pm

क्या है खबर?

दिल्ली की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने श्रमिकों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में इजाफा करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री आतिशी ने इसकी जानकारी दी है। अब अकुशल मजदूरों के लिए न्यूनतम मजदूरी 18,066 रुपये प्रति महीना कर दी गई है। इससे पहले यह 17,494 रुपये थी। इसके अलावा अर्धकुशल श्रमिक को अब कम से कम 19,929 रुपये हर महीने मिलेंगे।

बयान

मुख्यमंत्री ने कहा- हमने न्यूनतम मजदूरी अधिकतम की

आतिशी ने कहा, "कल हमारे श्रम मंत्री मुकेश अहलावत ने निर्णय लिया है कि अप्रशिक्षित श्रमिकों को 18,066, अर्धकुशल प्रशिक्षित मजदूरों को 19,929 और प्रशिक्षित श्रमिकों को 21,917 रुपये दिए जाएंगे। दिल्ली सरकार में न्यूनतम वेतन सबसे ज्यादा है। केजरीवाल सरकार लोगों को सम्मानित जीवन देती आई है। सरकार ने श्रमिकों के न्यूनतम वेतन को अधिकतम तक पहुंचाया है। आने वाले 4 महीने में आपको सम्मान भरा जीवन मिले इसी का प्रयास किया जाएगा।"

वेतन

अब किसे-कितनी न्यूनतम मजदूरी मिलेगी?

दिल्ली में अकुशल मजदूर के लिए न्यूनतम मजदूरी 17,496 रुपये से बढ़ाकर 18,066 रुपया प्रति महीना कर दी गई है। अर्धकुशल श्रमिक को अब 19,279 के बजाय 19,929 रुपये हर महीने मिलेंगे। कुशल श्रमिकों के न्यूनतम मजदूरी को 21,215 से बढ़ाकर 21,917 रुपये कर दी गई है। राष्ट्रीय स्तर पर न्यूनतम मजदूरी लगभग 178 रुपये प्रति दिन या 5,340 रुपये प्रति माह है। भारत में दिल्ली और केरल में न्यूनतम मजदूरी सबसे ज्यादा है।