Page Loader
दिल्ली सरकार ने दिया आयुष्मान भारत योजना का तोहफा, जानिए क्या और कब से मिलेगा लाभ
दिल्ली में हुई आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत

दिल्ली सरकार ने दिया आयुष्मान भारत योजना का तोहफा, जानिए क्या और कब से मिलेगा लाभ

Apr 05, 2025
06:35 pm

क्या है खबर?

दिल्ली की भाजपा सरकार ने शनिवार को दिल्लीवासियों को आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) का तोहफा दिया है। इससे अब दिल्ली के लोगों को अस्पतालों में 10 लाख तक का मुफ्त उपचार मिल सकेगा। इस योजना के लिए दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके साथ ही दिल्ली इस योजना को लागू करने वाला 35वां राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बन गया है।

लाभ

योजना के तहत क्या मिलेगा लाभ?

आयुष्मान भारत योजना 27 विशेषज्ञताओं में 1,961 चिकित्सा प्रक्रियाओं के लिए निःशुल्क और नकद रहित उपचार प्रदान करती है, जिसमें दवाइयों, नैदानिक ​​सेवाओं, अस्पताल में भर्ती होने, ICU देखभाल, सर्जरी और अन्य लागत शामिल है। इसके तहत, दिल्ली में पात्र परिवारों को 10 लाख रुपये तक वार्षिक स्वास्थ्य कवरेज मिलेगा। इसमें 5 लाख केंद्र सरकार से और 5 लाख रुपये राज्य सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। बता दें कि अन्य राज्यों में यह कवरेज 5 लाख रुपये हैं।

अस्पताल

योजना के लिए दिल्ली में सूचीबद्ध किए गए हैं 91 अस्पताल

इस योजना के क्रियान्वयन के लिए दिल्ली में कुल 91 अस्पतालों को सूचीबद्ध किया जा चुका है। इनमें 46 निजी, 34 दिल्ली सरकार द्वारा संचालित और 11 केंद्र सरकार द्वारा संचालित अस्पताल शामिल हैं। इसी तरह योजना के तहत दिल्ली के लोग दूसरे राज्यों में भी आयुष्मान भारत कार्ड के जरिए अस्पतालों में मुफ्त उपचार करा सकेंगे। इसके लिए देशभर में 30,957 अस्पताल सूचीबद्ध किए जा चुके हैं। दिल्ली सरकार अपने 24 अस्पतालों को और भी बेहतर बनाएगी।

रजिस्ट्रेशन

योजना के लिए कब से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन?

आयुष्मान भारत योजना के लिए दिल्ली में 10 अप्रैल से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। पहले चरण में 2.35 लाख परिवारों को शामिल किया जाए। इसी तरह 70 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों को मुफ्त इलाज मिलेगा। अंत्योदय और BPL लाभार्थी को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। दिल्ली सरकार ने इस योजना के लिए 2,144 का बजट पास किया है। बता दें कि अब पश्चिम बंगाल को छोड़कर पूरे देश में यह योजना लागू हो गई है।

निशाना

मुख्यमंत्री गुप्ता ने पिछली AAP सरकार पर साधा निशाना

इस योजना की शुरुआत के लिए दिल्ली में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय और राज्य मंत्री मौजूद थे। इस दौरान मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, "पिछली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की साजिश से दिल्ली में आयुष्मान योजना लागू नहीं हो पाई। दिल्ली के लोग इस बात का उदाहरण हैं कि अगर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम नहीं करती तो आम लोगों को कितनी परेशानी उठानी पड़ती है।"

तारीफ

दिल्लीवासियों के लिए महत्वपूर्ण दिन- स्वास्थ्य मंत्री

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा, "आज का दिन दिल्लीवासियों के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि आयुष्मान भारत का सपना साकार हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसको लेकर बहुत मेहनत की है। यह दुनिया की सबसे बड़ी योजना है। दिल्ली सरकार ने 5 लाख का टॉप अप करने का निर्णय लिया है। हम दिल्ली को मॉडल राज्य बनाएंगे। दिल्ली के हर नागरिक को सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं देंगे। पहली कैबिनेट बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई थी।"

तैयारी

मैंने प्रधानमंत्री मोदी से की थी चर्चा- नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने कहा, "यह एक ऐतिहासिक दिन है। हमने 8 साल पहले सोचा था आज वो देश की राजधानी में लागू हो रही हैं। मैंने इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा कर एक लाख रुपये की योजना का सुझाव दिया था। उसके बाद प्रधानमंत्री ने कुछ बड़ा सोचने को कहा और फिर दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना सामने आई।" उन्होंने कहा इस योजना में अब दिल्ली के 36 लाख लोगों को मुफ्त इलाज मिलेगा।