दिल्ली में अब होली के दिन खुली रहेंगी शराब की दुकानें
क्या है खबर?
दिल्ली में होली से पहले शराब के शौकीनों को बड़ी खुशखबरी मिली है। राष्ट्रीय राजधानी में अब शराब की दुकानें होली पर भी खुली रहेंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने होली को ड्राई डे (शराबबंदी) लिस्ट से बाहर कर दिया है। इससे पहले दिल्ली में होली के दिन शराब नहीं मिलती थीं। यह फैसला लागू होने से 4 मार्च बुधवार को होली के दिन कोई शराब की दुकान बंद नहीं दिखेगी।
फैसला
दिल्ली में अब सिर्फ 5 दिन ड्राई डे
दिल्ली सरकार के एक्साइज विभाग की ओर से जारी चिट्ठी के अनुसार दिल्ली में अब 5 दिन ड्राई डे यानी शराब बंदी रहेगी और दुकानें नहीं खुलेंगी। दिल्ली में अब 1 जनवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक गणतंत्र दिवस (26 जनवरी), महाशिवरात्रि (15 फरवरी), ईद-उल-फितर (21 मार्च), रामनवमी (26 मार्च) और महावीर जयंती (31 मार्च) को ड्राई डे होगा। बता दें कि 31 मार्च के बाद अगले वित्तिय वर्ष के लिए दूसरी ड्राई डे सूची जारी होगी।
होली
क्या है ड्राई डे?
भारत में ड्राई डे उस दिन को कहते हैं, जब शराब पर पूरी तरह प्रतिबंध होता है। उस दिन शराब किसी दुकान, रेस्टोरेंट, बार और होटल में बेंचा या परोसा नहीं जा सकता। दिल्ली में ड्राई डे की संख्या बदलती रहती है, जिसके लिए एक्साइज विभाग नोटिस जारी करता है। कई प्रमुख राष्ट्रीय-धार्मिक आयोजनों पर शराबबंदी होती है, जिसमें इनमें दिवाली, होली, गांधी जयंती, अंबेडकर जयंती और क्रिसमस शामिल हैं। चुनाव के दौरान भी शराब की बिक्री बंद होती है।