LOADING...
दिल्ली: मानसिक तनाव, पत्नी से विवाद; घरेलू सहायिका की हत्या करने वाले डॉक्टर ने क्या-क्या बताया?
दिल्ली में डॉक्टर द्वारा घरेलू सहायिका की हत्या मामले में नई जानकारियां सामने आई हैं

दिल्ली: मानसिक तनाव, पत्नी से विवाद; घरेलू सहायिका की हत्या करने वाले डॉक्टर ने क्या-क्या बताया?

लेखन आबिद खान
Jun 19, 2026
05:37 pm

क्या है खबर?

दक्षिणी दिल्ली के माउंट कैलाश इलाके में 18 जून को एक डॉक्टर ने घरेलू सहायिका की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर मनीष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि डॉक्टर मानसिक तनाव से जूझ रहे थे। वहीं, घरेलू सहायिका को नौकरी से निकालने को लेकर भी उनका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। आइए जानते हैं अब तक क्या-क्या पता चला है।

घटना

सबसे पहले घटना जानिए

दरअसल, 18 जून की सुबह करीब साढ़े 10 बजे गुप्ता ने अपनी घरेलू सहायिका मीना की हत्या कर दी थी। ये सहायिका बीते 15 साल से गुप्ता के घर पर काम कर रही थी। घटना वाले दिन मीना ने कपड़े धोए और उन्हें सुखाने के लिए छत पर गई। तभी गुप्ता भी पीछे-पीछे गया और बैट से मीना के सिर पर वार किए फिर चाकू से गला काट दिया। एक पड़ोसी ने छत पर शव देखकर पुलिस को सूचना दी।

मानसिक तनाव

10 साल से मानसिक तनाव से जूझ रहा डॉक्टर

पूछताछ के दौरान डॉक्टर गुप्ता ने मीना की हत्या की बात कुबूल की। पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर गुप्ता 10 साल से डिप्रेशन और ऑब्सेसिव-कम्पल्सिव डिसऑर्डर (OCD) से पीड़ित थे। इसके लिए वे लंबे समय से दवाएं भी ले रहे थे। न्यूज18 को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाल ही में उनके मन में हिंसक विचार आ रहे थे और वे कथित तौर पर खुद को या अपने परिवारिक सदस्यों को नुकसान पहुंचाने के बारे में सोच रहे थे।

Advertisement

विवाद

मीना को नौकरी से निकालने को लेकर पत्नी से हुआ विवाद

पुलिस का मानना ​​है कि इस घटना का तात्कालिक कारण घरेलू लड़ाई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, डॉक्टर गुप्ता मीना को नौकरी से निकालना चाहता था, लेकिन पत्नी इसके खिलाफ थी। पत्नी का कहना था कि मीना 15 साल से काम कर रही हैं और उसने गुप्ता की मां की कैंसर से जूझते हुए काफी देखभाल की थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि गुप्ता परिवार मीना को घरेलू सहायिका से बढ़कर परिवार के सदस्य की तरह मानता था।

Advertisement

बयान

मीना का बेटा बोला- मां ने कभी कोई शिकायत नहीं की

न्यूज18 से बात करते हुए मीना के बेटे रॉबिन ने कहा, "मैं हमेशा की तरह सुबह करीब 6:30 बजे काम पर निकला। थोड़ी देर बाद, एक रिश्तेदार ने फोन करके बताया कि मेरी मां का निधन हो गया है। उन्होंने डॉक्टर साहब से कभी कोई शिकायत नहीं की थी। उनके बीच कभी कोई मतभेद नहीं था। कोई ऐसा क्यों करेगा?" मीना के पति पश्चिम बंगाल में रहते हैं। रॉबिन दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।

Advertisement