Page Loader
दिल्ली में बम विस्फोट की धमकी में अफजल गुरु से जुड़े तार, जानिए क्या पता चला
दिल्ली में बम विस्फोट की धमकी में अफजल गुरू से जुड़े तार

दिल्ली में बम विस्फोट की धमकी में अफजल गुरु से जुड़े तार, जानिए क्या पता चला

लेखन गजेंद्र
Jan 14, 2025
05:30 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के 400 स्कूलों में बम विस्फोट की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक छात्र को पकड़ा है, लेकिन अब मामला अफजल गुरू से जुड़ता नजर आ रहा है। पुलिस को पता चला कि बच्चे का परिवार एक गैर-सरकारी संगठन (NGO) से जुड़ा है। यह NGO राजनीतिक पार्टी के लिए काम करती है और यह वही NGO है, जिसने अफजल गुरु की फांसी का विरोध किया था। पुलिस धमकी में NGO की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

जांच

बच्चे के पीछे किसी के हाथ होने का शक

दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त मधुप तिवारी ने बताया कि स्कूलों को 12 फरवरी, 2024 से लगातार ईमेल आ रही थी। 8 जनवरी, 2025 को जो आखिरी ईमेल आई, उससे 12वीं के छात्र का पता चला। उसके लैपटॉप की जांच की गई तो पता चला कि बच्चे ने 400 से ज्यादा ईमेल स्कूलों को भेजी है। पुलिस का कहना है कि छात्र लगातार इतने ईमेल क्यों करेगा? पुलिस को शक है कि इसके पीछे किसी संगठन का हाथ है।

आरोप

भाजपा ने AAP को घेरा

दिल्ली पुलिस की ओर से यह जानकारी सामने आने के बाद भाजपा ने आम आदमी पार्टी (AAP) को घेरा है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहा कि AAP का NGO से गहरा संबंध है, यह हर कोई जानता है। इन्होंने ही अफजल की फांसी का विरोध किया था। त्रिवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री आतिशी के माता-पिता ने भी अफजल की दया याचिका का समर्थन किया था। क्या AAP का इससे कोई संबंध है, अरविंद केजरीवाल जवाब दें।