Page Loader
गृह मंत्री अमित शाह के काफिले से टकराई तेज रफ्तार कार, CRPF जवान घायल
दिल्ली में अमित शाह के काफिले से टकराई तेज रफ्तार कार

गृह मंत्री अमित शाह के काफिले से टकराई तेज रफ्तार कार, CRPF जवान घायल

लेखन गजेंद्र
Mar 29, 2024
12:58 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अमित शाह के काफिले से एक तेज रफ्तार कार टकरा गई। हादसे में शाह की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, यह हादसा पिछले हफ्ते कमाल अतातुर्क मार्ग पर हुआ था। टक्कर मारने वाले कार चालक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान गुड़गांव के 42 वर्षीय अनुराग डोंग के रूप में हुई है।

हादसा

आरोपी लापरवाही से चला रहा था कार

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी अनुराग डोंग काफी लापरवाही से तेज रफ्तार में कार चला रहे थे। उन्होंने काफिले में शामिल सुरक्षा वाहनों में से एक को टक्कर मारी, जो 2 अन्य वाहनों के बीच में फंस गई। घायल CRPF जवान की पहचान 33 वर्षीय काशी सिंह के रूप में हुई है। उनका दिल्ली के अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अलावा इंटेलीजेंस ब्यूरो और स्पेशल सेल भी आरोपी कार चालक डोंग से गहन पूछताछ कर रही है।

जांच

कई धाराओं में दर्ज किया गया मुकदमा

रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय काफिला सम्राट होटल से सफदरजंग मार्ग की ओर जा रहा था। तभी यह हादसा हुआ। पुलिस उपायुक्ता देवेश महला ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 279 और 337 के तहत चाणक्यपुरी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया है। बता दें, यह घटना कुछ दिन पहले उच्च सुरक्षा वाले तुगलक मार्ग पर एक पंजीकरण नंबर वाले 2 SUV वाहनों को छोड़े जाने के बाद सामने आई है।