भगवान श्रीकृष्ण पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ मामला दर्ज
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के आगरा में बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ भगवान श्रीकृष्ण के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियों करने को लेकर मुकदमा दायर किया गया है। आपराधिक मानहानि की शिकायत अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने सिविल जज जूनियर डिवीजन पंचम कंचन कुमारी की कोर्ट में दायर की है। उनका आरोप है कि शास्त्री ने भगवान कृष्ण के बारे में जो अपमानजनक बाते कही है, उससे उनके वंशजों की भावनाओं को ठेस पहुंची और सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल हुई है।
मुकदमा
कोर्ट ने मामला दर्ज किया, अब 14 दिसंबर को सुनवाई
अधिवक्ता ने आगरा दीवानी न्यायालय में परिवाद दाखिल कर दलील दी कि भगवान श्रीकृष्ण के वंशज आज भी भारत में हैं, जिनमें जादौन, जडेजा और भाटी क्षत्रिय शामिल हैं।
उन्होंने इसके लिए मथुरा गजेटियर और अलेक्जेंडर कनिंघम की 1882-83 की पुस्तक 'रिपोर्ट इन ईस्टर्न राजपूताना' का उल्लेख किया है।
कोर्ट ने मामला दर्ज कर लिया है और सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की है। देश भर में शास्त्री की टिप्पणी की आलोचना हो रही है।
मामला
शास्त्री ने क्या कहा था?
मध्य प्रदेश के छतरपुर में बागेश्वर धाम के प्रमुख शास्त्री ने पिछले दिनों शिवपुरी जिले के करेरा में राम कथा के दौरान राम और कृष्ण के खड़े होने के तरीकों की तुलना की थी।
शास्त्री ने कथा में श्रीकृष्ण की शारीरिक मुद्रा को लेकर कहा था कि कृष्ण बहुत टेढ़े हैं, जब वे खड़े भी होते हैं, तो 3 जगहों से मुड़े हुए होते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद विवाद बढ़ा, जिसके बाद शास्त्री ने माफी मांगी थी।