
मोरबी पुल हादसा: मरने वालों की संख्या 141 हुई, जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित
क्या है खबर?
गुजरात के मोरबी में कल पुल टूटने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या 141 पहुंच गई है। 177 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, वहीं कुछ लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश की जा रही है। बचाव अभियान रातभर चलता रहा।
मामले में आपराधिक केस दर्ज किया गया है और गुजरात सरकार ने इसकी जांच के लिए एक पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति गठित की है।
हादसा
पुल की केबल टूटने से हुआ हादसा
हादसा रविवार शाम को लगभग 6:42 बजे हुआ। मच्छू नदी पर बने अंग्रेजों के जमाने के इस पुल पर छठ पूजा के लिए सैकड़ों लोग जमा हो गए थे, जिसके कारण पुल की एक तरफ की केबल टूट गई और यह पानी में जाने लगा।
पुल टूटने पर सैकड़ों लोग नदी में गिर गए, जबकि कुछ लोग भागकर किनारे पर आने में कामयाब रहे।
बताया जा रहा है कि घटना के समय पुल पर लगभग 400 लोग मौजूद थे।
बचाव अभियान
200 से अधिक जवानों ने रातभर चलाया अभियान, सेना और वायुसेना भी शामिल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों के साथ बचाव अभियान शुरू किया। बाद में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), सेना और वायुसेना की टीमें भी इस अभियान में शामिल हो गईं।
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि इन बलों के 200 से अधिक जवान रातभर बचाव अभियान में लगे रहे। नौसेना के सात गोताखोर भी अभियान में मदद कर रहे हैं।
घायल
मोरबी अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज, कुछ राजकोट रेफर
अब तक 141 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, वहीं 177 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कम से कम दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
घायलों को मोरबी अस्पताल में भर्ती किया गया है और आसपास के जिलों के लगभग 40 डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।
19 घायल अस्पताल में भर्ती हैं और तीन को बेहतर इलाज के लिए राजकोट रेफर कर दिया गया है।
मुआवजा
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए रविवार को ही मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बचाव अभियान की जानकारी ली और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।
उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000, 50,000 रुपये का मुआजवा देने का ऐलान भी किया है।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50,000, 50,000 रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
जानकारी
प्रधानमंत्री मोदी और अरविंद केजरीवाल ने रद्द किए अपने कार्यक्रम
हादसे के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी आज के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
हादसे का कारण
लगभग 140 साल पुराना था पुल, खोलने से पहले नहीं ली गई अनुमति
गौरतलब है कि हादसे का शिकार हुआ मोरबी का यह पुल 140 साल से ज्यादा पुराना है और 20 फरवरी, 1879 को मुंबई के गवर्नर रिचर्ड टेम्पल ने इसका उद्घाटन किया था।
765 फुट लंबा यह पुल पिछले छह महीने से बंद था और दिवाली से पहले 2 करोड़ रुपये में मरम्मत के बाद 25 अक्टूबर को इसे आम जनता के लिए खोला गया था।
इसे खोलने से पहले फिटनेस सर्टिफिकेट या सरकारी अनुमति नहीं ली गई थी।