LOADING...
भारत के बड़े विमान हादसे: हरियाणा में टकराए थे विमान, 'कनिष्क' में गई 329 की जान 
देश के सबसे घातक विमान हादसों के बारे में जानिए (फाइल फोटो)

भारत के बड़े विमान हादसे: हरियाणा में टकराए थे विमान, 'कनिष्क' में गई 329 की जान 

लेखन आबिद खान
Jun 12, 2025
07:58 pm

क्या है खबर?

गुजरात के अहमदाबाद में विमान हादसे में 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है और दर्जनों लोग घायल हुए हैं। अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान हवाई अड्डे के पास ही एक इमारत से टकराकर दुर्घटना का शिकार हो गया। ये पहला मौका नहीं है, जब देश में विमान हादसों की वजह से मातम छाया है। आइए देश के बड़े विमान हादसों के बारे में जानते हैं।

कनिष्क

कनिष्क विमान दुर्घटना में मारे गए थे 329 लोग

23 जून, 1985 को आयरलैंड के तट के पास अटलांटिक महासागर में एयर इंडिया की फ्लाइट 182 को बम से उड़ा दिया गया था। ये विमान दिल्ली से वैंकूवर जा रहा था। यह हमला खालिस्तानी आतंकवादियों ने किया था, जिसमें 329 लोगों की मौत हो गई थी। मरने वालों में 307 यात्री और 22 चालक दल के सदस्य शामिल थे। इनमें 268 कनाडाई, 27 ब्रिटिश और 24 भारतीय नागरिक थे।

1978

1978 में एयर इंडिया विमान हादसे में मारे गए थे 213 लोग

1 जनवरी, 1978 को मुंबई के पास अरब सागर में एयर इंडिया का बोइंग 747 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। ये विमान मुंबई से दुबई जा रहा था, जिसमें 190 यात्री और चालक दल के 23 सदस्य सवार थे। विमान टेकऑफ के एक मिनट बाद ही तकनीकी वजहों और पायलट की गलती से हादसे का शिकार हो गया था। इसमें विमान में सवार सभी 213 लोगों की मौत हो गई थी।

2010

मैगलोर हवाई अड्डे पर गई थी 158 की जान

22 मई, 2010 को एयर इंडिया का एक विमान लैंडिंग के दौरान मैंगलोर हवाई अड्डे पर फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में 158 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 8 लोग जिंदा बचे थे, जो विमान के अगले हिस्से में बैठे थे। ये विमान दुबई से मैंगलोर आ रहा था। जांच में सामने आया था कि ये हादसा पायलट की थकान और रनवे ओवरशूट के कारण हुआ था।

हरियाणा

हरियाणा में आपस में टकराए थे 2 विमान

12 नवंबर, 1996 को हरियाणा के चरखी दादरी में सऊदी अरब एयरलाइंस और कजाकिस्तान एयरलाइंस के 2 विमान हवा में ही आपस में टकरा गए थे। इस हादसे में दोनों विमानों में सवार 349 लोगों की मौत हो गई थी। इसे भारत का सबसे बड़ा विमान हादसा माना जाता है। माना जाता है कि ये हादसा पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के बीच गलतफहमी और मानवीय गलतियों के कारण हुई थी।

1988

अहमदाबाद में मारे गए थे 155 लोग

19 अक्टूबर, 1988 को गुजरात के अहमदाबाद में ही इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट IC-113 टेकऑफ के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल हवाई अड्डे से 2 किलोमीटर दूर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। विमान में 135 लोग सवार थे, जिनमें से 133 की मौत हो गई थी। इनमें 5 बच्चे और चालक दल के 6 सदस्य भी थे। ये विमान मुंबई से अहमदाबाद आ रहा था। जांच में सामने आया था कि हादसा पायलट की गलती की वजह से हुआ था।