केरलम के कन्नूर में भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी नेता सीवी धनराज की 2016 में हुई हत्या के मामले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा के 3 कार्यकर्ताओं को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। बुधवार को आए इस फैसले में हर दोषी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
16 आरोपी बरी किए गए
धनराज की हत्या उनके घर के बाहर की गई थी। इस मामले ने खूब राजनीतिक सुर्खियां बटोरी थीं। कुल 20 आरोपियों में से सिर्फ 3 को दोषी ठहराया गया है। 16 को बरी कर दिया गया, जबकि एक की सुनवाई के दौरान मौत हो गई थी। अगर जुर्माने की रकम नहीं भरी जाती है, तो उनकी सजा 5 साल और बढ़ जाएगी। यह फैसला कड़ी सुरक्षा के बीच आया। इस दौरान धनराज के परिवार और पार्टी के सदस्य भी वहां मौजूद थे। केरल में जारी राजनीतिक तनाव के बीच यह एक अहम पड़ाव माना जा रहा है।