पहलगाम हमले का एक साल: इजरायल से लेकर ब्रिटेन तक ने जताई संवेदनाएं, क्या-क्या कहा?
क्या है खबर?
पहलगाम में हुए आतंकी हमले को आज एक साल हो गया है। इस हमले में 24 निर्दोष पर्यटकों की जान गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत देश के हर तबके ने इस कायरानी हरकत की निंदा की है। यही नहीं, इस अवसर पर वैश्विक नेताओं, राजनयिकों और दूतावासों ने भी आतंकवाद के खिलाफ रुख स्पष्ट करते हुए भारत के लिए समर्थन जताया है। आइए जानते हैं किसने क्या कहा।
अर्जेंटीना
अर्जेंटीना बोला- आतंकवाद के सभी रूपों की निंदा करते हैं
भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो अगस्टिन कौसिनो ने कहा कि उनका देश आतंकवाद के सभी रूपों को दृढ़ता से खारिज करता है और भारत के साथ एकजुटता से खड़ा है। उन्होंने समाचार एजेंसी IANS से कहा, "इस भयानक आतंकी हमले के एक साल बाद हम इस दिन को याद करना चाहते हैं और विशेष रूप से उन लोगों को श्रद्धांजलि देना चाहते हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई है। हम आतंकवाद और उसके सभी रूपों की कड़ी निंदा करते हैं।"
इजरायल
इजरायली विदेश मंत्री बोले- भारत के साथ मिलकर आतंकवाद का सामना करेंगे
इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन साआर ने लिखा, 'पहलगाम हमले की पहली बरसी पर, हम उन निर्दोष लोगों को नमन करते हैं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई और दुख की घड़ी में उनके परिवारों के साथ खड़े हैं। इजरायल आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ अपनी लड़ाई में दृढ़ और अडिग है। भारत के साथ मिलकर हम इस खतरे का दृढ़ता से सामना करने और शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए अपने सहयोग को लगातार मजबूत करते रहेंगे।'
ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया ने कहा- हम हर पीड़ित के साथ खड़े
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने कहा, "पहलगाम हमले का एक साल होने पर हम अपने भारतीय मित्रों और सहयोगियों के साथ मिलकर पहलगाम में हुए भयावह आतंकवादी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करते हैं। हम पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हैं, जो आज भी शोक में डूबे हुए हैं। ऑस्ट्रेलिया आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ मजबूती से खड़ा है।"
ब्रिटेन
ब्रिटेन, यूरोपीय संघ ने क्या कहा?
ब्रिटेन ने कहा, 'हम पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और हमारी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस घटना से प्रभावित हुए हैं। ब्रिटेन आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा करता है। हम शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपने सहयोगियों के साथ मिलकर काम करने के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।' यूरोपीय संघ ने लिखा, 'पहलगाम आतंकवादी हमले की बरसी पर यूरोपीय संघ भारत की जनता के साथ अपनी गहरी एकजुटता दोहराता है।'