Page Loader
उड़ीसा: मां की मौत के बाद भी कोरोना वायरस से लड़ने ड्यूटी पर गया डॉक्टर

उड़ीसा: मां की मौत के बाद भी कोरोना वायरस से लड़ने ड्यूटी पर गया डॉक्टर

Mar 20, 2020
03:32 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में तबाही मचा रखी है। दुनियाभर के डॉक्टर अपनी जान की परवाह किए बिना कोरोना संक्रमितों का उपचार करने में जुटे हैं। इसी बीच भारत के उड़ीसा राज्य के एक डॉक्टर ने मानवता की बड़ी मिसाल पेश की है। दरअसल, इस डॉक्टर की सरकार ने कोरोना के प्रति जागरुकता लाने में ड्यूटी लगाई थी। अगले दिन उसकी 80 वर्षीय मां का निधन हो गया, लेकिन उसके बाद भी मानवता के नाते ड्यूटी पर चला गया।

प्रकरण

जागरुकता कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद किया मां का अंतिम संस्कार

दअसल, संबलपुर के सहायक संभागीय चिकित्सा अधिकारी अशोक दास की सरकार ने कोरोना वायरस के लिए प्रति लोगों में जागरुकता लाने के लिए चलाए गए अभियान में ड्यूटी लगा रखी थी। गत 17 मार्च को उनकी 80 वर्षीय मां का निधन हो गया था। लोगों ने उनसे पहले मां का अंतिम संस्कार करने को कहा, लेकिन उन्होंने किसी की नहीं मानी और ड्यूटी पर चले गए। शाम को ड्यूटी से वापस लौटकर उन्होंने मां का अंतिम संस्कार किया।

जागरुकता

मां के निधन के गम के बीच लोगों को किया जागरूक

डॉक्टर अशोक दास अपनी मां के निधन से बहुत दुखी थे, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने अपना दुख चेहरे पर नहीं आने दिया। उन्होंने जिले में आयोजित कई जागरुकता अभियानों में हिस्सा लेकर मजदूरों और किसानों को कोरोना वायरस से निपटने के लिए आवश्यक उपायों के बारे में जागरूक किया। इसके बाद उन्होंने जिला मुख्यालय के अस्पताल का भी दौरा किया। दास ने कहा कि लोगों की सेवा करना व्यक्तिगत छुट्टी से अधिक महत्वपूर्ण था।

IAS अधिकारी

IAS ने अधिकारी ने दिखाया था कार्य के प्रति समर्पण

डॉक्टर ने जहां अपनी मां की मौत के बाद भी लोगों के सेवा को पहला धर्म माना है, वहीं उड़ीसा के 1993 बैच के एक IAS अधिकारी निकुंज धाल ने भी अपने कार्य के प्रति समर्पण दिखाया था। हालांकि, उन्होंने अपने पिता की मौत के बाद उनके अनुष्ठान के लिए एक दिन की छुट्टी ली थी, लेकिन अगले ही दिन वह काम पर लौट आए और कोरोना प्रसार से निपटने के तरीकों को लेकर हुई बैठकों में हिस्सा लिया।

जानकारी

प्रधानमंत्री ने मोदी ने की है हौंसला बढ़ाने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश को संबोधित करते हुए कहा था कि विपत्ती की इस घड़ी में डॉक्टर, पुलिस, मीडियाकर्मी सहित अन्य संस्थाएं काम कर रही है। ऐसे में देश के लोग रविवार शाम 5 बजे तालियां बजाकर उनका हौंसला बढ़ाए।

स्थिति

दुनिया और भारत में ये है कोरोना वायरस की स्थिति

कोरोना सभी देशों को अपने चपेट में लेता जा रहा है। दुनियाभर में इससे 10,049 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह लगभग 2.46 लाख लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 206 पहुंच गई है। इनमें 12 नए मरीज शुक्रवार को मिले हैं। इसके अलावा अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा उड़ीसा में अभी तक कोरोना संक्रमण का एक ही मामला सामने आया है।